जनता ने बताई परेशानी, राँची पुलिस ने लिया फैसला: बंद चीनी फैक्ट्री में पुलिस पोस्ट से लेकर ट्रैफिक व्यवस्था तक बड़ा एक्शन
राँची।राजधानी राँची आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर पुलिस ने जन वार्तालाप कार्यक्रम के जरिए सीधे जनता से संवाद शुरू किया है। इसी क्रम में मंगलवार को कोतवाली थाना क्षेत्र के नागरिकों के साथ पुलिस कार्यालय में बैठक हुई। बैठक में क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, यातायात, अतिक्रमण और असामाजिक गतिविधियों से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक ने कई अहम फैसले लिए और संबंधित पुलिस अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक यातायात, अपर पुलिस अधीक्षक कोतवाली सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं व्यवसायी, सामाजिक कार्यकर्ता, केंद्रीय शांति समिति के सदस्य, राजनीतिक प्रतिनिधि, वार्ड पार्षद और क्षेत्र के अन्य गणमान्य नागरिकों ने अपनी समस्याएं पुलिस अधिकारियों के सामने रखीं।
बैठक में बड़ा तालाब के समीप अघोरी आश्रम के पास स्थित बंद चीनी फैक्ट्री परिसर में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों का मुद्दा प्रमुखता से उठा। पुलिस ने इस स्थान को संवेदनशील मानते हुए यहां पुलिस पोस्ट स्थापित करने का निर्णय लिया है।पुलिस पोस्ट पर एक बीट ऑफिसर की तैनाती होगी। इसके अलावा टाइगर मोबाइल पेट्रोलिंग के साथ चार पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी। पुलिस की ओर से यहां 24 घंटे निगरानी और नियमित पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने की बात कही गई है। पुलिस का उद्देश्य इलाके में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर रोक लगाने के साथ स्थानीय लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना है।
जालान रोड, भुइयां टोली, किशोरी सिंह यादव चौक, सेवा सदन क्षेत्र समेत आसपास के इलाकों में नो-एंट्री के दौरान बड़े मालवाहक वाहनों के प्रवेश और सड़क पर पार्किंग से होने वाली परेशानी भी बैठक में उठी।
एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि नो-एंट्री के निर्धारित समय में बड़े मालवाहक वाहनों को प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश करने या सड़क पर खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी। माल व्यवसाय से जुड़े वाहनों को नो-एंट्री शुरू होने से पहले क्षेत्र से बाहर निकलना होगा और नो-एंट्री समाप्त होने के बाद ही दोबारा प्रवेश करना होगा। नियम तोड़कर वाहन सड़क पर खड़ा मिला तो नियमानुसार कार्रवाई और चालान किया जाएगा।
नागा बाबा खटाल सब्जी बाजार से हटेगा अतिक्रमण
नागा बाबा खटाल स्थित सब्जी बाजार में सड़क पर सब्जी लगाने के कारण लगने वाले जाम और यातायात बाधित होने की समस्या भी नागरिकों ने उठाई। इस पर पुलिस ने नगर निगम के अधिकारियों के साथ समन्वय कर स्थल का निरीक्षण करने और आवश्यक कार्रवाई करने का निर्णय लिया है। नगर निगम के सहयोग से अतिक्रमण हटाने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु करने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।बैठक में पुलिस को ग्राउंड लेवल पुलिसिंग और नियमित पेट्रोलिंग मजबूत करने, संवेदनशील इलाकों में टाइगर मोबाइल और बीट पुलिसिंग सक्रिय रखने, यातायात पुलिस और थाना पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही नशे और असामाजिक गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने तथा ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया। नागरिकों से मिलने वाली शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लेकर कार्रवाई और उसका फॉलोअप सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।
वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने कहा कि जन वार्तालाप कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि लोगों की समस्याओं को मौके पर समझकर उनके समाधान के लिए तत्काल कदम उठाए जा सकें। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने आसपास होने वाली असामाजिक गतिविधियों की सूचना पुलिस को दें और शांतिपूर्ण व सुरक्षित माहौल बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

