दुष्कर्म में असफल होने पर कर दी थी नाबालिग की गला दबाकर हत्या,दो आरोपी गिरफ्तार…

गोड्डा।झारखण्ड के गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के सोहरी नदी से बीते दिन एक किशोरी का शव बरामद किया गया था। गोड्डा पुलिस ने मामले का उद्भेदन कर लिया है।पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।जानकारी के मुताबिक दोनों युवक किशोरी के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम देना चाहते थे।इसका विरोध करने पर किशोरी की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी।घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी युवक फरार हो गए थे।

किशोरी बलबड्डा थाना क्षेत्र की रहने वाली थी और वर्तमान में अपनी नानी के घर पोड़ैयाहाट में रह रही थी। किशोरी का शव सोहरी नदी के पास 26 फरवरी 2024 को मिला था।शव मिलने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चा हो रही थी।पुलिस ने मामले में लड़की की माँ का फर्द बयान लिया था।

पुलिस की जांच में पता चला कि पोड़ैयाहाट थाना के गढ़नीच निवासी बिपीन पासवान और उमेश सिंह की लड़की पर पहले से गलत नजर थी।हाट करने गई 13 वर्षीय किशोरी का दोनों आरोपी पीछा कर रहे थे। मचखार हाट से जब लड़की सुनसान सोहरी नदी के पास पहुंची तो दोनों आरोपियों ने लड़की से दुष्कर्म करने की कोशिश की। जिसका लड़की ने विरोध किया।इसके बाद लड़की की दोनों युवकों ने गला दबाकर हत्या कर दी और वहां से फरार हो गए।उक्त जानकारी एसडीपीओ जेपीएन चौधरी ने दी है।उन्होंने बताया कि आरोपी गिरफ्तार युवकों ने पुलिस की पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।साथ ही पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोबाइल भी बरामद कर लिया है।घटना के उद्भेदन में डीएसपी बिनेश लाल, प्रशिक्षु डीएसपी कुमार गौरव और पोड़ैयाहाट थाना प्रभारी बिपिन यादव शामिल थे।