कोडरमा में एसपी का बड़ा एक्शन, चंदवारा थाना प्रभारी प्रेम कुमार सस्पेंड; धनेश्वर कुमार को मिली कमान
कोडरमा।जिले में पुलिस महकमे के भीतर अनुशासन और कार्यशैली को लेकर एसपी कुमार शिवाशीष ने सख्त रुख अपनाया है। चंदवारा थाना प्रभारी प्रेम कुमार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उन पर अनुशासनहीनता और कार्यों में लापरवाही बरतने का आरोप है।
एसपी की इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। प्रेम कुमार के निलंबन के बाद चंदवारा थाना की कमान एसआई धनेश्वर कुमार को सौंपी गई है। इससे पहले धनेश्वर कुमार कोडरमा थाना में पदस्थापित थे। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद उन्होंने चंदवारा थाना प्रभारी के रूप में कार्यभार संभाल लिया है।
बताया जा रहा है कि थाना प्रभारी के कार्यों और अनुशासनहीनता से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने यह कार्रवाई की है। हालांकि, निलंबन के पीछे के विस्तृत कारणों को लेकर अब तक आधिकारिक तौर पर पूरी जानकारी सामने नहीं आई है।एसपी की इस कार्रवाई को पुलिस विभाग में अनुशासन बनाए रखने की दिशा में एक सख्त कदम के रूप में देखा जा रहा है।

