असम में बड़ा रेल हादसा: कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस के इंजन समेत 5 कोच पटरी से उतरे, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

 

डेस्क/गुवाहाटी। असम में बुधवार की सुबह एक बड़ा रेल हादसा हो गया। गुवाहाटी के बाहरी इलाके दिगारू रेलवे स्टेशन के पास कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस अचानक पटरी से उतर गई। हादसे में ट्रेन का इंजन और पांच यात्री डिब्बे बेपटरी हो गए। घटना के बाद रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा 11 नवंबर की सुबह करीब 6:54 बजे हुआ। ट्रेन संख्या 13125 कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस को दिगारू स्टेशन पर दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के लिए रोका जा रहा था। इसी दौरान ट्रेन की गति नियंत्रित नहीं हो सकी और इंजन समेत पांच कोच पटरी से उतर गए।

रेलवे के पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (NFR) के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार, दुर्घटना के बाद रेलवे की टीमों को तत्काल घटनास्थल पर भेजा गया। वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मौके के लिए रवाना होकर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी शुरू कर दी।

यात्रियों को दूसरी ट्रेन से भेजने की व्यवस्था

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की बात कही गई है। हालांकि, कुछ मीडिया रिपोर्टों में यात्रियों के घायल होने की सूचना भी सामने आई है। घायलों की संख्या और उनकी स्थिति को लेकर अभी स्पष्ट आधिकारिक जानकारी उपलब्ध नहीं है।

हादसे के बाद प्रभावित यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरी ट्रेन की व्यवस्था की जा रही है। रेलवे की तकनीकी और राहत टीमें बेपटरी हुए डिब्बों को हटाने तथा रेल परिचालन बहाल करने में जुटी हैं।

फिलहाल रेलवे प्रशासन की प्राथमिकता यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और प्रभावित रेलखंड पर परिचालन सामान्य करना है। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

 

error: Content is protected !!