राँची में हॉर्न बजाने पर खूनी संघर्ष, 25 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या; चार आरोपी गिरफ्तार, दो फरार
राँची।राँची के तमाड़ थाना क्षेत्र में शराब पीने के दौरान शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। सड़क पर बैठकर शराब पी रहे युवकों से कार सवारों की पहले हॉर्न बजाने को लेकर कहासुनी हुई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई। कुछ देर बाद फिर भिड़ंत हुई और इसी दौरान 25 वर्षीय कांगरेश महतो पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल कांग्रेस महतो ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में दम तोड़ दिया।
यह सनसनीखेज वारदात 8 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे तमाड़ थाना क्षेत्र के रांगामाटी स्थित सरकारी शराब दुकान के पास हुई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
मृतक कांगरेश महतो की पत्नी पूजा कुमारी के लिखित आवेदन पर तमाड़ थाना में छह लोगों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई।पुलिस ने मामले की जांच करते हुए चार आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।गिरफ्तार आरोपियों में बिट्टू गुप्ता (29), टिंकू दास (19), गुरुपदो मुंडा (19) और निखिल भूमिज (18) शामिल हैं। वहीं, मामले के दो अन्य नामजद आरोपी राहुल मछुवा और मानिक मछुवा अभी फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
हॉर्न बजाने पर शुरू हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार,पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि मृतक कांग्रेस महतो समेत चार लोग सड़क पर बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान सभी आरोपी कार से वहां से गुजर रहे थे। कार का हॉर्न बजाने के बावजूद सड़क पर बैठे लोग रास्ते से नहीं हटे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में पहले गाली-गलौज और मारपीट हुई। कुछ देर बाद दोबारा विवाद बढ़ा और मारपीट के दौरान कांग्रेस महतो पर चाकू से वार कर दिया गया। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई।
छापेमारी दल में ये अधिकारी थे शामिल
मामले में कार्रवाई के लिए गठित छापेमारी दल में बुंडू अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के अलावा तमाड़ थाना के पुलिस अवर निरीक्षक शम्भू पंडित, प्रेम सागर सिंह, गणेश चौड़े तथा तमाड़ थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।तमाड़ थाना में इस मामले को लेकर कांड संख्या 72/2026, दिनांक 09.11.2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों का कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है। मामले में दो फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।

