छत्तीसगढ़ में फिल्मी अंदाज में 2 करोड़ की लूट…लिफ्ट मांगकर गाड़ी में बैठे बदमाश, बंदूक की नोक पर सराफा कारोबारी से सोना-चांदी लूटा

 

 

डेस्क/बीजापुर/दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ में सराफा कारोबारियों को निशाना बनाकर अपराधियों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दी है। इस बार बदमाशों ने किसी दुकान या बाजार में नहीं, बल्कि नेशनल हाईवे पर चलती गाड़ी को निशाना बनाकर करीब दो करोड़ रुपये से अधिक के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए। वारदात इतनी दुस्साहसिक थी कि बदमाशों ने पहले सड़क पर वाहन रुकवाया और फिर हथियारों के बल पर सराफा कारोबारी तथा चालक को धमकाकर जेवरों से भरा बैग छीन लिया। इसके बाद सभी बदमाश जंगल की ओर फरार हो गए।

लूट की यह सनसनीखेज घटना दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले की सीमा पर नेशनल हाईवे-63 में नेलसनार थाना क्षेत्र के पांडे मुर्गा गांव के समीप सोमवार शाम करीब 6:15 बजे हुई। लूट का शिकार हुए कारोबारी की पहचान स्वरूप सोनी के रूप में हुई है। वह बीजापुर जिले के भैरमगढ़ में अपनी सराफा दुकान बंद कर गीदम स्थित अपने घर लौट रहे थे। उनके साथ एक अन्य व्यापारी भी मौजूद था।

जानकारी के मुताबिक, स्वरूप सोनी ने भैरमगढ़ से गीदम जाने के लिए निजी गाड़ी बुक की थी। दोनों व्यापारी अपने साथ सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग लेकर निकले थे। शाम के समय उनकी गाड़ी जब नेशनल हाईवे-63 पर पांडे मुर्गा गांव के समीप पहुंची, तभी बदमाशों ने रास्ते में वाहन को रुकवा लिया।

प्रारंभिक सूचनाओं में बदमाशों के लिफ्ट मांगकर गाड़ी में सवार होने की बात सामने आई थी। वहीं, दूसरी रिपोर्टों में तीन बदमाशों के मोटरसाइकिल से पहुंचकर वाहन रोकने और चाकू की नोक पर बैग छीनने का विवरण सामने आया है। बदमाशों ने कारोबारी और चालक को हथियार दिखाकर डराया और जेवरों से भरा बैग अपने कब्जे में कर लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद वे जंगल की ओर भाग निकले।

इस लूटकांड में सबसे चौंकाने वाली बात बैग में रखे आभूषणों की मात्रा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बैग में करीब 1300 ग्राम सोने के आभूषण थे। इनकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 80 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

इसके अलावा बैग में 15 किलोग्राम से अधिक चांदी के आभूषण भी रखे होने की जानकारी सामने आई है। इनकी कीमत करीब 25 से 28 लाख रुपये आंकी गई है। इस हिसाब से लूटे गए आभूषणों की अनुमानित कीमत दो करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।

हालांकि, यह आंकड़ा फिलहाल प्रारंभिक है। कारोबारी की ओर से आभूषणों का पूरा हिसाब और वास्तविक मात्रा उपलब्ध कराए जाने के बाद ही लूट की कुल कीमत स्पष्ट हो सकेगी।वारदात के बाद पीड़ित कारोबारी ने नेलसनार थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और घटनास्थल सहित आसपास के इलाकों में जांच शुरू की गई।

नेलसनार थाना प्रभारी विवेकानंद पटेल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि कारोबारी स्वरूप सोनी ने लूट की जानकारी दी है। फिलहाल लूटे गए सोने-चांदी के आभूषणों की वास्तविक मात्रा स्पष्ट नहीं है। कारोबारी हिसाब करने के बाद इसकी जानकारी देने की बात कह रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और बदमाशों के संबंध में सुराग जुटाए जा रहे हैं।

 

नेशनल हाईवे-63 पर हुई इस वारदात ने इलाके में दहशत पैदा कर दी है। भैरमगढ़ और नेलसनार के बीच जंगल और सुनसान रास्तों का फायदा उठाकर बदमाशों ने इतनी बड़ी लूट को अंजाम दिया। सबसे गंभीर सवाल यह है कि हाईवे पर दिनभर आवाजाही रहने के बावजूद अपराधी बेखौफ होकर कारोबारी की गाड़ी रुकवाने और हथियार दिखाकर लूट करने में सफल रहे।पुलिस के सामने अब बदमाशों की पहचान करने, उनके भागने के रास्ते का पता लगाने और लूटे गए आभूषणों की बरामदगी की चुनौती है।

धनतेरस पर जगदलपुर में भी हुई थी 1.74 करोड़ के जेवरों की चोरी

छत्तीसगढ़ में सराफा कारोबारियों को निशाना बनाने वाली यह दूसरी बड़ी वारदात है। इससे पहले धनतेरस के अवसर पर जगदलपुर के संजय मार्केट स्थित मोती ज्वेलर्स में भी करोड़ों रुपये के आभूषण चोरी कर लिए गए थे।इस घटना में ग्राहक बनकर दुकान पहुंची महिलाओं ने बच्चों के साथ मिलकर दुकानदार और कर्मचारियों का ध्यान भटकाया था। इसी दौरान करीब 1200 ग्राम सोने के आभूषणों से भरा डिब्बा गायब कर दिया गया। दुकान संचालक ने चोरी गए जेवरों की कीमत करीब 1 करोड़ 74 लाख रुपये बताई थी।इस मामले में भी पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर महाराष्ट्र के पांच से छह संदिग्धों को पकड़े जाने की जानकारी दी है।

एक तरफ जगदलपुर में करोड़ों के आभूषणों की चोरी और दूसरी तरफ बीजापुर-नेलसनार हाईवे पर दो करोड़ से अधिक की लूट ने सराफा कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है। लगातार सामने आ रही इन वारदातों से बस्तर संभाग में सराफा कारोबारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

 

error: Content is protected !!