झारखण्ड में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को लेकर बड़ा कदम: 46 लाख महिलाओं व नवजातों को मिलेगा 176.40 करोड़ का सुरक्षा कवच
-राज्य के 24 जिलों के 38,957 आंगनवाड़ी केंद्रों पर पहुंचेगी विशेष ‘मदर एंड चाइल्ड केयर किट’ और सेनेटरी पैड, डिजिटल ट्रैकिंग और वीडियो गाइड से लैस होगा पूरा अभियान
राँची।झारखण्ड में मातृत्व सुरक्षा, नवजात शिशु की देखभाल और किशोरियों व महिलाओं के मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन को लेकर समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास विभाग ने एक बहुत बड़ा कदम उठाया है। राज्य सरकार ने प्रदेश के 24 जिलों में मौजूद 38,957 आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से लगभग 46 लाख लाभार्थियों तक सीधे आवश्यक सामग्री पहुंचाने के लिए 176.40 करोड़ रुपये की व्यापक कार्ययोजना तैयार की है। इस महाभियान के तहत राज्य की 6 लाख प्रसूति माताओं को पूरी तरह सुसज्जित ‘मदर एंड चाइल्ड केयर किट’ उपलब्ध कराई जाएगी, जबकि 40 लाख किशोरियों एवं महिलाओं को साल भर के लिए 4.80 करोड़ सेनेटरी पैड के पैकेट निःशुल्क दिए जाएंगे।
गुलाबी बैग में 14 जरूरी वस्तुएं, नवजात और मां की देखभाल होगी आसान
विभाग ने नवजात शिशु और मां की प्रसवोत्तर जरूरतों को ध्यान में रखते हुए 14 उपयोगी सामग्रियों से युक्त एक खास गुलाबी रंग का किट बैग तैयार कराया है. इसमें मच्छरदानी, सूती साड़ी-ब्लाउज-पेटीकोट सेट, चादर-तकिया कवर, सूती तौलिया, टूथपेस्ट, ब्रश, जीभी, 40 लीटर की बाल्टी और मग, 100% शुद्ध नारियल तेल, कंघी, नेल कटर, नहाने का साबुन, डिटर्जेंट पाउडर और कॉटन रोल शामिल हैं।यह किट प्रसव के बाद संक्रमण के खतरे को घटाने और नवजात की सुरक्षित परवरिश में मददगार साबित होगी।
हर पैकेट के साथ मिलेगा क्यूआर कोड, 30 से अधिक विषयों पर मिलेगी डिजिटल सीख
इस पूरी योजना को आधुनिक तकनीक और जन-जागरूकता से जोड़ा गया है।हर किट के साथ एक क्यूआर-इनेबल्ड इंफॉर्मेशन शीट दी जाएगी।इसे स्कैन करते ही हिंदी व स्थानीय भाषाओं में वीडियो खुलेंगे,जिनमें प्रारंभिक बाल विकास, पेरेंटिंग, पोषण, स्वच्छता और बच्चों की सुरक्षा जैसे 30 अहम विषयों पर मार्गदर्शन मिलेगा. वहीं सेनेटरी पैड के साथ माहवारी स्वच्छता, पोषण, तनाव प्रबंधन, डिजिटल सुरक्षा और वित्तीय साक्षरता से जुड़े 31 वीडियो का डिजिटल कंटेंट उपलब्ध कराया जाएगा।

