हाजीपुर में जमीन विवाद ने लिया खूनी रूप, 20 बाइक सवारों का हमला, 10 राउंड फायरिंग से दहला गांव; महिला समेत दो घायल

 

हाजीपुर। बिहार के हाजीपुर में जमीन विवाद को लेकर देर रात जमकर खूनी तांडव हुआ। करीब 20 मोटरसाइकिलों पर सवार होकर पहुंचे हमलावरों ने एक परिवार को निशाना बनाते हुए लाठी-डंडों और हथियारों से हमला कर दिया। मारपीट के बाद ताबड़तोड़ करीब 10 राउंड फायरिंग की गई। अचानक हुई गोलीबारी से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान एक महिला और एक पुरुष को गोली लग गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

खूनी संघर्ष की यह घटना महुआ थाना क्षेत्र के हरपुर गंगाराम गांव की है। मिली जानकारी के अनुसार, गांव के उमाशंकर सिंह और शिवशंकर सिंह के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी विवाद को लेकर उमाशंकर सिंह करीब 20 लोगों के साथ मोटरसाइकिल से शिवशंकर सिंह के घर पहुंचा। सभी हमलावर लाठी-डंडों और हथियारों से लैस थे।

बताया जाता है कि घर पहुंचते ही हमलावरों ने परिवार के सदस्यों पर हमला बोल दिया। लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की गई। इस दौरान परिवार के मवेशियों को भी निशाना बनाया गया। इसके बाद हमलावरों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से करीब 10 राउंड गोलियां चलाईं। अचानक हुई गोलीबारी से गांव में भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।

गोली लगने से महिला और पुरुष गंभीर

इस हमले में सुमित्रा देवी और देवेंद्र भूटों को एक-एक गोली लगी है। दोनों खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

हमले के बाद सभी आरोपी फरार

वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही महुआ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस जमीन विवाद के पुराने मामले, गोलीबारी और हमले में शामिल लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। घटना के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल है। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की जांच जारी है।

error: Content is protected !!