सरायकेला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ब्राउन शुगर और 7.59 लाख नकद बरामद,एक गिरफ्तार

सरायकेला।झारखण्ड के सरायकेला-खरसावां जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर तस्करी के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। आदित्यपुर थाना क्षेत्र के मुस्लिम बस्ती में तड़के हुई छापेमारी के दौरान पुलिस ने 7.59 लाख रुपये नकद, 20 पुड़िया ब्राउन शुगर और एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा है कि जब्त की गई रकम ब्राउन शुगर की बिक्री से जुटाई गई थी, जो जिले में इस तरह की अब तक की सबसे बड़ी नकद बरामदगी है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि कुख्यात तस्कर जावेद अंसारी उर्फ लालटू अपने घर की छत पर नशीले पदार्थों की बिक्री से मिले पैसों का हिसाब-किताब कर रहा है। सूचना मिलते ही विशेष टीम ने इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद तस्कर छत और पाइप के सहारे भागने लगे तथा रुपयों से भरे झोले सड़क पर फेंक दिए।
पुलिस ने पीछा कर आजाद अंसारी (निवासी-गरीब नवाज कॉलोनी, जुगसलाई) को धर दबोचा। उसकी तलाशी में 20 पुड़िया ब्राउन शुगर और ₹7,59,650 नकद बरामद हुए।पूछताछ में सामने आया कि इस पूरे नेटवर्क का मुख्य सरगना जावेद अंसारी उर्फ लालटू है। उसके साथ इमरान, राशिदा खातून, विपुल कर्मकार, रोहित कर्मकार और प्रकाश पटेल पुलिस कार्रवाई के दौरान फरार हो गए। एसपी ने बताया कि सभी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
रातभर चले इस सफल अभियान को अंजाम देने वाली पुलिस टीम की सराहना करते हुए एसपी ने घोषणा की कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले जवानों को सम्मानित किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।

