राँची में बेखौफ ‘उजाले’ गैंग का दुस्साहसिक कांड: ज्वेलर गिरफ्तार,65 लाख रुपये का सोना बरामद, कुख्यात चोर अब भी पुलिस की पकड़ से दूर

राँची। राजधानी राँची के सबसे सुरक्षित और वीआईपी इलाकों में शुमार अशोक नगर में हुई करोड़ों रुपये की सनसनीखेज चोरी की गुत्थी सुलझाने में राँची पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 9 जुलाई 2026 की रात कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए अंतरराज्यीय शातिर चोर गिरोह ने दो बड़े कारोबारियों के बंद मकानों का ताला तोड़कर करोड़ों रुपये के सोने, मोती के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया था। अब करीब 20 दिनों की लगातार तकनीकी और वैज्ञानिक जांच के बाद पुलिस ने चोरी का माल खरीदकर खपाने वाले एक ज्वेलर को बिहार के मुजफ्फरपुर से गिरफ्तार कर लिया है।आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके ससुराल से करीब 400 ग्राम वजनी सोने एवं मोती के बेशकीमती जेवरात बरामद किए हैं, जिनकी कीमत ₹65 लाख से अधिक आंकी गई है। इस कार्रवाई के बाद पूरे चोरी सिंडिकेट का नेटवर्क उजागर होने लगा है।
ससुराल की सीक्रेट अलमारी से निकला 65 लाख का खजाना
राँची पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित शुक्ला रोड पहुंची, जहां सर्राफा कारोबारी समीर खान उर्फ कबीर खान पुलिस के रडार पर था। पुलिस जब आरोपी तक पहुंची तो उसने बेहद शातिर तरीका अपनाया हुआ था। चोरी के जेवर उसने अपनी दुकान या घर में नहीं, बल्कि नगर थाना क्षेत्र के विजय स्टोर गली स्थित अपने ससुराल की एक गुप्त अलमारी में छिपाकर रखे थे।जैसे ही पुलिस ने वहां दबिश दी, अलमारी से करीब 400 ग्राम सोने एवं मोती के कीमती आभूषण बरामद हुए। बरामद जेवरों की बाजार कीमत लगभग ₹65 लाख बताई जा रही है।पुलिस ने समीर खान उर्फ कबीर खान (पिता-स्वर्गीय अब्दुल्लाह खान), निवासी शुक्ला रोड, रमना, मुजफ्फरपुर को गिरफ्तार कर लिया है।
चोरी के जेवर खरीदने में माहिर बताया जाता है आरोपी
सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार सर्राफा कारोबारी समीर खान लंबे समय से चोरी के जेवर खरीदने और उन्हें बाजार में खपाने का काम करता रहा है। जांच में यह भी सामने आया है कि वह अंतरराज्यीय शातिर चोर इरफान उर्फ उजाले और उसके साथी अफरोज के संपर्क में था।बताया जाता है कि पहले वह अपने पिता के ज्वेलरी कारोबार संभालता था, लेकिन बाद में चोरी के जेवर खरीदने और उन्हें गलाकर बाजार में बेचने का नेटवर्क खड़ा कर लिया। पुलिस को आशंका है कि उजाले गैंग द्वारा विभिन्न राज्यों में की गई कई बड़ी चोरियों के करोड़ों रुपये के जेवर इसी नेटवर्क के जरिए ठिकाने लगाए गए।
एक करोड़ से अधिक की संपत्ति बरामद
राँची पुलिस की जांच अब तक इस मामले में बड़ी सफलता हासिल कर चुकी है। पुलिस अनुसार अब तक ₹1 करोड़ से अधिक मूल्य की चोरी की संपत्ति बरामद की जा चुकी है।इससे पहले पुलिस चोरी में इस्तेमाल की गई लक्जरी जगुआर कार (UP 78 EM 0101) बरामद कर चुकी है। साथ ही ₹17,36,200 नकद भी जब्त किए गए थे।यही नहीं, मुख्य आरोपी उजाले की पत्नी समेत दो महिलाओं को भी चोरी के पैसे और जेवर छिपाने के आरोप में पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
‘उजाले’ गैंग का नेटवर्क तीन राज्यों तक फैला
जांच में सामने आया है कि इस पूरे गिरोह का मास्टरमाइंड इरफान उर्फ उजाले है। पुलिस के अनुसार वह कोई साधारण चोर नहीं, बल्कि अंतरराज्यीय गैंग का सरगना है, जिसका नेटवर्क झारखण्ड, बिहार और पश्चिम बंगाल तक फैला हुआ है।गैंग की कार्यशैली बेहद पेशेवर बताई जाती है। पहले वीआईपी कॉलोनियों में लंबे समय तक बंद रहने वाले आलीशान मकानों की रेकी की जाती है। फिर मौका मिलते ही गिरोह रात के अंधेरे में करोड़ों की चोरी कर कुछ ही घंटों में राज्य की सीमा पार कर देता है।
तीन राज्यों में ताबड़तोड़ छापेमारी, लेकिन मास्टरमाइंड अब भी फरार
राँची पुलिस की कई टीमें पिछले 20 दिनों से बिहार और पश्चिम बंगाल के विभिन्न जिलों में लगातार छापेमारी कर रही हैं। चोरी का माल खरीदने वाले ज्वेलर की गिरफ्तारी और बड़ी बरामदगी के बावजूद गैंग का सरगना इरफान उर्फ उजाले तथा उसके दो अन्य प्रमुख साथी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।पुलिस का मानना है कि इनकी गिरफ्तारी के बाद देश के कई राज्यों में हुई बड़ी चोरियों के राज भी खुल सकते हैं।
20 अफसरों की स्पेशल SIT कर रही जांच
अशोक नगर स्थित कारोबारी निशित केसरी और अखिलेश पांडेय के घरों में हुई इस हाई-प्रोफाइल चोरी के बाद एसएसपी राँची ने लगभग 20 अधिकारियों की विशेष जांच टीम (SIT) गठित की है।टीम का नेतृत्व एएसपी कोतवाली निखिल राय तथा वरीय पुलिस उपाधीक्षक (हटिया) नीरज कुमार कर रहे हैं। इसके अलावा अरगोड़ा, डेली मार्केट, नामकुम, खादगढ़ा, तुपुदाना सहित कई थाना क्षेत्रों के अनुभवी पुलिस अधिकारियों को जांच में लगाया गया है।
पुलिस का दावा,आखिरी आरोपी तक पहुंचेगी जांच
राँची पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वैज्ञानिक जांच, डिजिटल सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे गिरोह की परतें खोली जा रही हैं। पुलिस का दावा है कि इस मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और फरार मास्टरमाइंड इरफान उर्फ उजाले सहित पूरे नेटवर्क को जल्द गिरफ्तार कर कानून के कठघरे में खड़ा किया जाएगा।यह कार्रवाई न सिर्फ राँची की सबसे चर्चित चोरी की गुत्थी सुलझाने की दिशा में बड़ी सफलता मानी जा रही है, बल्कि अंतरराज्यीय चोरी और चोरी के जेवर खपाने वाले नेटवर्क पर भी पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई के रूप में देखी जा रही है।पुलिस ने अबतक दो महिला सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया।जिसमें उजाले की पत्नी,अफरोज की पत्नी और अब ज्वेलरी खरीदने वाले समीर खान को गिरफ्तार किया है।

