धनबाद: शराबी पति की प्रताड़ना से तंग आकर पत्नी ने पीट-पीटकर की हत्या, 10 साल पुरानी मोहब्बत का दर्दनाक अंत

धनबाद।जिस रिश्ते की शुरुआत दस साल पहले मोहब्बत और बड़े-बड़े वादों के साथ हुई थी, उसका खौफनाक अंत एक टूटी-फूटी खपड़ैल छत के नीचे हुआ। गोपीनाथडीह बाउरी टोला (शनि मंदिर के पास) सोमवार की काली रात एक ऐसी वारदात की गवाह बनी, जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। शराब के नशे में रोज होने वाले क्लेश से तंग आकर पत्नी ने अपने ही पति को मौत के घाट उतार दिया।
मंगलवार की अलसुबह जब परिजन घर पहुंचे, तो मंजर देख उनकी रूह कांप गई। 35 वर्षीय बिशु बाउरी की लाश जमीन पर बेजान पड़ी थी। पास ही उसकी पत्नी पूनम (30) बिना कुछ बोले, पत्थर बनी गुमसुम बैठी थी। बिशु का मासूम बेटा भी वहीं चुपचाप खड़ा अपनी उजड़ चुकी दुनिया को देख रहा था।
खबर फैलते ही मुनीडीह ओपी प्रभारी मनीता कुमारी, पुटकी पुलिस और भागाबांध ओपी प्रभारी शैलेंद्र शर्मा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। इधर, घटना से आक्रोशित परिजन आरोपी पत्नी के लिए फांसी की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। पुलिस ने किसी तरह परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया।
गांव वालों और परिजनों की मानें तो बिशु और पूनम का रिश्ता किसी जमाने में मिसाल हुआ करता था। दस साल पहले दोनों ने मोहल्ले के ही एक-दूसरे को दिल दिया और लव मैरिज कर ली। शादी के बाद दो बेटों की किलकारियों से आंगन गुंजायमान भी हुआ। दिहाड़ी मजदूरी कर बिशु किसी तरह परिवार पाल रहा था।
लेकिन इस हंसते-खेलते परिवार में शराब नाम के राक्षस ने कदम रख दिया। बिशु को शराब की ऐसी लत लगी कि रोज रात घर रणक्षेत्र बनने लगा। आए दिन दोनों के बीच मारपीट और गाली-गलौज होती थी। सोमवार की रात भी वही पुरानी पटकथा दोहराई गई, लेकिन इस बार नफरत और गुस्से की आग इतनी भड़क गई कि पत्नी पूनम ने लाठी-डंडों से पीट-पीटकर पति की जान ही ले ली।प्यार की बुनियाद पर टिका घर आज शराब के नशे और एक पल के भयानक गुस्से की वजह से ताश के पत्तों की तरह ढह गया।

