जमशेदपुर में अपराधियों पर पुलिस का सबसे बड़ा शिकंजा… 91 कुख्यातों की तैयार हुई लिस्ट, 54 पर डिटेंशन तो 37 होंगे तड़ीपार

 

जमशेदपुर।बदमाशों की मनमानी और आपराधिक गिरोहों के आतंक पर लगाम लगाने के लिए जमशेदपुर पुलिस ने अब बड़ा एक्शन प्लान तैयार कर लिया है। शहर में अपराध का नेटवर्क चलाने वाले, हत्या, फायरिंग, लूट और छिनतई जैसी संगीन वारदातों में संलिप्त कुख्यात अपराधियों की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने जिले के 91 सक्रिय और कुख्यात अपराधियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सीसीए (क्राइम कंट्रोल एक्ट) के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया तेज कर दी है। इनमें 54 अपराधियों के खिलाफ निरुद्धादेश (डिटेंशन ऑर्डर) और 37 अपराधियों के खिलाफ तड़ीपार की कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी एहतेशाम बकारिब के मुताबिक, पुलिस का यह अभियान केवल अपराधियों की धरपकड़ तक सीमित नहीं है, बल्कि शहर में सक्रिय आपराधिक गिरोहों की कमर तोड़ने और उनके नेटवर्क को कमजोर करने की रणनीति का हिस्सा है। पुलिस ने साफ कर दिया है कि शहर की शांति और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को अब किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

हत्याकांड, मॉल फायरिंग और लूटकांड से जुड़े अपराधी भी रडार पर

जमशेदपुर पुलिस ने इस बार कई चर्चित और संवेदनशील आपराधिक घटनाओं से जुड़े अपराधियों को अपने निशाने पर लिया है। इनमें निखार सबलोक हत्याकांड, गोलमुरी के कन्हैया यादव हत्याकांड, बिंदल मॉल फायरिंग और मानगो थाना क्षेत्र में एसआईआर करवाने के नाम पर हुई लूट की घटना से जुड़े अपराधी शामिल हैं।पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि शहर में दहशत फैलाने वाले और संगीन आपराधिक घटनाओं में नाम आने वाले अपराधियों पर अब प्रशासनिक कार्रवाई का शिकंजा भी कसेगा।

अखिलेश सिंह से गणेश सिंह तक, कई गिरोहों पर पुलिस की नजर

जमशेदपुर में सक्रिय आपराधिक गिरोहों के खिलाफ भी पुलिस ने व्यापक रणनीति बनाई है। सीसीए की कार्रवाई के लिए जिन गिरोहों के सदस्यों को चिन्हित किया गया है, उनमें अखिलेश सिंह गिरोह, गणेश सिंह गिरोह, बिल्ला पाठक गिरोह, कन्हैया सिंह गिरोह, रंजीत-संजीत गिरोह और मासुक-मनीष गिरोह शामिल हैं।

इसके अलावा शहर में लगातार छिनतई की घटनाओं में संलिप्त हरपाल और मनप्रीत गिरोह के सदस्यों पर भी पुलिस की नजर है। पुलिस की कोशिश है कि इन गिरोहों के सक्रिय सदस्यों को शहर से दूर रखने के साथ-साथ उनकी आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जाए।

मानगो और उलीडीह में सबसे ज्यादा अपराधी चिन्हित

पुलिस की तैयार सूची में मानगो क्षेत्र के विभिन्न थाना क्षेत्रों के अपराधियों की संख्या सबसे अधिक बताई गई है। थानावार आंकड़ों पर नजर डालें तो उलीडीह में सबसे ज्यादा 12 अपराधियों के खिलाफ निरुद्धादेश की कार्रवाई प्रस्तावित है। वहीं सोनारी में 9 और बागबेड़ा तथा जुगसलाई में 6-6 अपराधियों के खिलाफ निरुद्धादेश की कार्रवाई की जाएगी।

किस थाना क्षेत्र में कितने अपराधियों पर होगी कार्रवाई?

जिला पुलिस की ओर से उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के मुताबिक, निरुद्धादेश और तड़ीपार की प्रस्तावित कार्रवाई का थानावार ब्योरा इस प्रकार है—

– मानगो थाना: 3 निरुद्धादेश और 3 तड़ीपार।
– सिदगोड़ा:2 निरुद्धादेश और 1 तड़ीपार।
– सीतारामडेरा:4 निरुद्धादेश और 1 तड़ीपार।
– बागबेड़ा: 6 निरुद्धादेश और 3 तड़ीपार।
– जुगसलाई: 6 निरुद्धादेश।
– सोनारी: 9 निरुद्धादेश और 3 तड़ीपार।
– कदमा:3 निरुद्धादेश।
– गोलमुरी: 2 निरुद्धादेश और 7 तड़ीपार।
– टेल्को:1 निरुद्धादेश और 2 तड़ीपार।
– उलीडीह:12 निरुद्धादेश और 2 तड़ीपार।
– परसुडीह:1 निरुद्धादेश और 2 तड़ीपार।
– बर्मामाइंस:2 निरुद्धादेश और 4 तड़ीपार।
– साकची:2 निरुद्धादेश और 1 तड़ीपार।
– आजादनगर: 1 निरुद्धादेश और 4 तड़ीपार।
– गोविंदपुर: 2 तड़ीपार।
– बिष्टुपुर:2 तड़ीपार।

 अपराधियों के लिए पुलिस का साफ संदेश

जमशेदपुर पुलिस की इस कार्रवाई को शहर में सक्रिय आपराधिक नेटवर्क पर बड़े प्रहार के रूप में देखा जा रहा है। पुलिस का मकसद ऐसे अपराधियों को कानून के शिकंजे में लेना है, जो बार-बार आपराधिक घटनाओं को अंजाम देकर शहर की शांति और आम लोगों की सुरक्षा के लिए चुनौती बनते रहे हैं।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि अपराध और आपराधिक गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। असामाजिक तत्वों के खिलाफ कानून के दायरे में कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। अब देखना यह होगा कि सीसीए के तहत तैयार इस बड़े एक्शन प्लान से जमशेदपुर के आपराधिक गिरोहों की गतिविधियों पर कितना अंकुश लग पाता है।

 

error: Content is protected !!