राँची के बुढ़मू में धान काटने को लेकर बवाल, पड़हा सरकार युवा संघ भारत के सदस्यों पर मारपीट का आरोप, 40 से अधिक नामजद और करीब 200 अज्ञात पर मामला दर्ज…

धान काटने को लेकर साड़म गांव में खूनी संघर्ष का आरोप, 40 से अधिक नामजद, 200 अज्ञात पर भी शिकायत

राँची। राजधानी राँची के बुढ़मू थाना क्षेत्र के साड़म गांव में धान की फसल को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। खेत में धान काटने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। एक पक्ष ने पड़हा सरकार युवा संघ भारत के सदस्यों पर जबरन धान काटने, विरोध करने पर परिवार के लोगों के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले में बुढ़मू थाना में 40 से अधिक लोगों को नामजद करते हुए करीब 100 से 200 अज्ञात महिला-पुरुषों के खिलाफ भी लिखित शिकायत दी गई है।

साड़म निवासी सतीश पाहन (33) के आवेदन के मुताबिक, 14 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 12 बजे सुभाष खलखो के नेतृत्व में संगठन के सदस्य उनके खेत पर पहुंचे और धान की फसल काटने लगे। जब सतीश पाहन और उनके परिजनों ने इसका विरोध किया तो कथित तौर पर उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी गई। आरोप है कि उनकी पत्नी पूनम देवी के साथ भी अभद्र व्यवहार और मारपीट की गई। इस दौरान खेत में लगी फसल को भी नुकसान पहुंचाया गया।

बीच-बचाव के बाद भी नहीं थमा विवाद

आवेदन में बताया गया है कि घटना के दौरान ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर विवाद शांत कराने की कोशिश की, लेकिन इसके बावजूद मारपीट जारी रही। परिवार के कई सदस्यों को चोटें आने का भी दावा किया गया है। घटना की सूचना मिलने पर बुढ़मू थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर वहां से हटाया।

नामजद आरोपियों की लंबी सूची, 100-200 अज्ञात भी घेरे में

सतीश पाहन ने अपने आवेदन में सुभाष खलखो, आशीष उरांव उर्फ मंगरा, युधिष्ठिर टाना भगत, प्रमोद उरांव उर्फ बिट्टू, देवनाथ टाना भगत, शनिचरवा उरांव, विश्वनाथ उरांव समेत 40 से अधिक लोगों के नाम दर्ज कराए हैं। सूची में कई महिलाएं भी शामिल हैं। इसके अलावा करीब 100 से 200 अज्ञात महिला-पुरुषों को भी आरोपी बनाया गया है।

पिछले साल भी दर्ज हुआ था मामला

शिकायतकर्ता ने आवेदन में दावा किया है कि वर्ष 2025 में भी इसी संगठन के सदस्यों के खिलाफ उनके परिवार के साथ मारपीट का आरोप लगाया गया था। इस संबंध में बुढ़मू थाना में कांड संख्या 67/25 दर्ज होने का उल्लेख किया गया है। उन्होंने वर्तमान मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

 

error: Content is protected !!