रामगढ़ के बालू घाट पर वर्चस्व की जंग… डब्बू सिंह और सीता सोरेन की बेटियों के समर्थक आमने-सामने, गोला थाना में देर रात तक हाईवोल्टेज ड्रामा
रामगढ़। बालू का कारोबार और बालू घाटों को लेकर चल रही वर्चस्व की लड़ाई अब रामगढ़ के गोला तक पहुंच गई है। गोला प्रखंड के हेसापोड़ा पंचायत अंतर्गत पारसाडीह स्थित दामोदर बालू घाट पर रविवार की शाम दो गुटों के बीच जमकर विवाद हुआ। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए। घाट पर तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस पूरे घटनाक्रम में जामा की पूर्व विधायक सीता सोरेन की बेटियों राजश्री और जयश्री के पहुंचने से मामला और गरमा गया। देर रात तक गोला थाना परिसर में भी हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा।
बालू घाट पर किसका चलेगा राज, इसी को लेकर भिड़े दो गुट
मिली जानकारी के अनुसार, कुजू निवासी बालू कारोबारी डब्बू सिंह ने दो-तीन दिन पहले पारसाडीह स्थित दामोदर बालू घाट पर काम शुरू किया था। बताया जा रहा है कि बालू उठाव और घाट के संचालन को लेकर पहले से ही विवाद चल रहा था। रविवार की शाम सीता सोरेन की दोनों बेटियां राजश्री और जयश्री अपने समर्थकों एवं ग्रामीणों के साथ घाट पर पहुंचीं। वहां डब्बू सिंह के लोगों को काम से हटने के लिए कहा गया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते टकराव में बदल गई।
हथियार लहराने और हवाई फायरिंग की चर्चा, इलाके में दहशत
घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर हथियार लहराने और दोनों पक्षों की ओर से एक-एक राउंड हवाई फायरिंग किए जाने की चर्चा सामने आई। हालांकि, गोली चलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इस संबंध में गोला थाना प्रभारी अभिषेक कुमार ने भी हथियार लहराने और हवाई फायरिंग की बात से साफ इनकार किया है। उनके मुताबिक, बालू घाट को लेकर दो पक्षों के बीच केवल बहस और आपसी विवाद हुआ था।
गोला थाना में देर रात तक चला हाईवोल्टेज ड्रामा
घाट पर विवाद के बाद मामला गोला थाना पहुंच गया। बताया जा रहा है कि राजश्री और जयश्री देर रात तक अपने समर्थकों के साथ थाना परिसर में मौजूद रहीं। इस दौरान काफी देर तक गहमागहमी बनी रही। बालू घाट के संचालन और वहां किसका नियंत्रण रहेगा, इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है।
थाना प्रभारी बोले- विवाद सुलझा लिया गया, फिलहाल बालू उठाव बंद
पूरे मामले पर गोला थाना प्रभारी अभिषेक कुमार ने बताया कि बालू घाट को लेकर दो पक्षों के बीच आपसी विवाद था। इसको लेकर दोनों पक्षों में बहस हुई थी। हथियार लहराने या हवाई फायरिंग जैसी कोई बात नहीं है। मामले को सुलझा लिया गया है और फिलहाल घाट से बालू का उठाव नहीं हो रहा है।
ग्रामीणों को खूनी संघर्ष की आशंका
इधर, घटना के बाद पारसाडीह और आसपास के गांवों में चर्चा का बाजार गर्म है। स्थानीय लोगों को आशंका है कि यदि बालू घाट के विवाद का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में दोनों पक्षों के बीच फिर टकराव हो सकता है। ग्रामीणों ने पुलिस, जिला प्रशासन और खनन विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, बालू घाट पर निगरानी बढ़ाने और शांति व्यवस्था बनाए रखने की मांग की है।
फिलहाल इस पूरे विवाद के केंद्र में एक ही सवाल है- पारसाडीह के दामोदर बालू घाट पर आखिर किसका दबदबा चलेगा? पुलिस के हस्तक्षेप के बाद फिलहाल बालू उठाव बंद है, लेकिन घाट पर वर्चस्व की लड़ाई को लेकर तनाव पूरी तरह खत्म हुआ है या नहीं, यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा।

