मंत्री के कार्यालय के बाहर युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, मौके पर मौत; 20 राउंड गोलियों से दहला इलाका
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में अपराधियों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है। सोनिया विहार इलाके में दिल्ली सरकार के मंत्री और विधायक कपिल मिश्रा के कार्यालय के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब 18 से 20 राउंड गोलियां चलाईं। इस गोलीबारी में समीर नाम के एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
जानकारी के अनुसार, वारदात खजूरी खास थाना क्षेत्र के सोनिया विहार इलाके में हुई। हमलावरों ने मंत्री कपिल मिश्रा के कार्यालय के बाहर अंधाधुंध फायरिंग की। गोलियों की आवाज से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोली लगने से समीर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे बचाने की कोशिश की गई, लेकिन उसकी मौत हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, समीर उत्तर-पूर्वी दिल्ली के मुस्तफाबाद इलाके का रहने वाला था। वह जीरो पुस्ता के पास उस रास्ते से गुजर रहा था, तभी बाइक सवार दो हमलावरों ने उसे निशाना बनाया। हमलावरों ने बेहद करीब से कई राउंड गोलियां चलाईं और वारदात के बाद बाइक से फरार हो गए। समीर को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस वारदात की गंभीरता इसलिए भी बढ़ गई है क्योंकि गोलीबारी दिल्ली सरकार के कानून मंत्री कपिल मिश्रा के कैंप कार्यालय के नजदीक हुई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इलाके में इस तरह की आपराधिक घटनाओं को लेकर पहले भी चिंता जताई जाती रही है। एक स्थानीय निवासी ने इसे इलाके में चौथी ऐसी घटना बताते हुए कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, आपसी रंजिश समेत कई बिंदुओं पर जांच
घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। साक्ष्य जुटाने के लिए क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी बुलाया गया। घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। वहीं, हमलावरों की पहचान और उनकी भागने की दिशा का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि समीर मुस्तफाबाद से जीरो पुस्ता इलाके में किस काम से आया था और हमलावरों को उसकी गतिविधियों की पहले से जानकारी थी या नहीं। शुरुआती जांच में आपसी रंजिश और पुरानी दुश्मनी समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है। फिलहाल हत्या की असली वजह स्पष्ट नहीं हुई है और आरोपियों की तलाश जारी है।
मंत्री के कार्यालय के बाहर वारदात से कानून-व्यवस्था पर सवाल
घटना के बाद दिल्ली की कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। जिस इलाके में सरकार के मंत्री का कैंप कार्यालय मौजूद है, उसके नजदीक इस तरह करीब 20 राउंड फायरिंग कर युवक की हत्या कर देना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों में भी इस घटना को लेकर नाराजगी और भय का माहौल है।
इस सनसनीखेज हत्याकांड को लेकर आम आदमी पार्टी ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी ने दिल्ली में बिगड़ती कानून-व्यवस्था और अपराधियों के बढ़ते हौसले को लेकर सरकार को घेरा है। AAP का सवाल है कि जब राजधानी में मंत्री के कार्यालय के बाहर ही अपराधी बेखौफ होकर गोलियां बरसा रहे हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा?
फिलहाल इस मामले में पुलिस की जांच जारी है। हमलावरों की पहचान, हत्या के पीछे की वजह और वारदात की पूरी साजिश का खुलासा होना बाकी है। पुलिस की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही घटना की असली तस्वीर सामने आ सकेगी।

