छठ की छुट्टी में सूना पड़ा था घर, चोरों ने तोड़ा ताला….गृह सचिव के अंगरक्षक के मकान में चोरी
राँची। राजधानी राँची में चोरों ने एक बार फिर बंद घर को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। इस बार चोरों ने राज्य की गृह सचिव वंदना दादेल के अंगरक्षक हवलदार अजय कुमार यादव के घर को निशाना बनाया। नामकुम थाना क्षेत्र के अमेठिया नगर स्थित उनके बंद मकान का ताला तोड़कर चोर घर के अंदर घुसे और सामान खंगाल डाला। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, हवलदार अजय कुमार यादव अपने परिवार के साथ छठ महापर्व मनाने के लिए बिहार के मुंगेर स्थित अपने पैतृक घर गए हुए थे। जाने से पहले उन्होंने अमेठिया नगर स्थित मकान में ताला लगा दिया था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने बंद घर को निशाना बनाया।
सोमवार की सुबह पड़ोसियों की नजर घर पर पड़ी तो दरवाजा खुला हुआ था और मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर की स्थिति देखकर उन्हें चोरी की आशंका हुई। इसके बाद पड़ोसियों ने तत्काल अजय कुमार यादव को फोन कर घटना की जानकारी दी। साथ ही नामकुम पुलिस को भी सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घर के अंदर जाकर जांच की। वहां कमरों का सामान बिखरा पड़ा था। शुरुआती स्थिति से साफ था कि चोरों ने घर के अंदर जमकर तलाशी ली है। हालांकि, घर से कितने नकद रुपये, गहने और अन्य कीमती सामान गायब हुए हैं, इसकी सही जानकारी अभी नहीं मिल पाई है।
अंगरक्षक के राँची लौटने पर सामने आएगा चोरी का पूरा ब्योरा
फिलहाल अजय कुमार यादव अपने परिवार के साथ बिहार में हैं। उनके राँची लौटने के बाद ही घर से चोरी हुए सामान की वास्तविक जानकारी मिल सकेगी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जांच की है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि चोरों की पहचान कर उनका सुराग लगाया जा सके।
पुलिस के अनुसार, अब तक इस मामले में लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। अजय कुमार यादव ने राँची लौटने के बाद आवेदन देने की बात कही है। आवेदन मिलने के बाद चोरी गए सामान और नुकसान का पूरा विवरण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
)

