25 लाख की रिश्वतखोरी में NCB के दो सब-इंस्पेक्टर गिरफ्तार, CBI ने 12 लाख लेते रंगेहाथ दबोचा

 

नई दिल्ली। भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के दो सब-इंस्पेक्टरों को रिश्वतखोरी के मामले में गिरफ्तार किया है। दोनों अधिकारियों पर एक व्यक्ति को NDPS एक्ट के मामले में झूठा नहीं फंसाने और केस में मदद करने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। सीबीआई ने 14 नवंबर को जाल बिछाकर एक आरोपी को 12 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। इस मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

सीबीआई की ओर से 16 नवंबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस मामले में 14 नवंबर 2026 को केस दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि NCB के दिल्ली जोनल यूनिट, आरके पुरम, नई दिल्ली में तैनात सब-इंस्पेक्टर सह जांच अधिकारी ने शिकायतकर्ता से 50 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। आरोप था कि NDPS (नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस) एक्ट के एक मामले में शिकायतकर्ता को झूठा आरोपी नहीं बनाने के बदले यह रकम मांगी गई थी।

50 लाख मांगे, 25 लाख पर हुआ सौदा

शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने मामले का सत्यापन किया। इस दौरान पता चला कि आरोपी सब-इंस्पेक्टर ने रिश्वत की मांग घटाकर 25 लाख रुपये कर दी थी और मामले में मदद करने के एवज में 12 लाख रुपये की पहली किस्त लेने पर सहमति जताई थी।इसके बाद सीबीआई ने 14 नवंबर को ट्रैप की योजना बनाई। कार्रवाई के दौरान आरोपी सब-इंस्पेक्टर को शिकायतकर्ता से 12 लाख रुपये की रिश्वत मांगते और स्वीकार करते हुए पकड़ लिया गया। खास बात यह रही कि रिश्वत की रकम NCB के ही एक अन्य सब-इंस्पेक्टर के माध्यम से ली जा रही थी। सीबीआई ने इस मामले में दोनों सब-इंस्पेक्टरों को गिरफ्तार कर लिया।

अदालत ने दोनों को दो दिनों की पुलिस रिमांड पर भेजा

गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को सक्षम अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने पूछताछ के लिए दोनों को दो दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया। सीबीआई ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।

सीबीआई ने अपनी प्रेस विज्ञप्ति में भ्रष्ट लोकसेवकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की प्रतिबद्धता दोहराते हुए आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी रिश्वत की मांग करता है या भ्रष्टाचार का मामला सामने आता है, तो इसकी शिकायत सीबीआई से करें।

 

error: Content is protected !!