घर के बाहर बैठे लोगों पर चढ़ी बेकाबू पिकअप, दो की दर्दनाक मौत, दो की हालत गंभीर
पलामू। जिले के पांडू थाना क्षेत्र के खुरा गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। घर के बाहर बैठकर बातचीत कर रहे लोगों को एक बेकाबू पिकअप ने कुचल दिया। हादसे में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, खुरा गांव निवासी गोविंद राम के घर के बाहर कुछ लोग बैठे हुए थे। इसी दौरान गांव का ही एक युवक पिकअप चलाना सीख रहा था। बताया जा रहा है कि वाहन चलाने के दौरान युवक नियंत्रण खो बैठा और सीधे घर के बाहर बैठे लोगों को रौंद दिया। अचानक हुई इस घटना से मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे में रामबचन राम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, सुमित्रा देवी समेत तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल बिश्रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने सुमित्रा देवी को भी मृत घोषित कर दिया। अन्य दो घायलों का इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पांडू थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल पिकअप को जब्त कर लिया है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पांडू थाना प्रभारी बिगेश कुमार राय ने बताया कि युवक पिकअप चलाना सीख रहा था। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर लोगों पर चढ़ गया। हादसे में दो लोगों की मौत हुई है। घटना के बाद चालक फरार हो गया है, जिसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। मृतक, घायल और आरोपी सभी एक ही मोहल्ले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

