दो बच्चों की माँ को प्रेमजाल में फंसाकर राँची से भगा ले गया था,हजारीबाग में महिला की हत्या,बाप-बेटा गिरफ्तार

हजारीबाग।झारखण्ड के हजारीबाग जिले में राँची के नामकुम इलाके की रहने वाली एक महिला की हत्या कर दी गयी है।हत्या के आरोपी दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मृतक महिला की पहचान नामकुम की सरोज लकड़ा के रूप में हुई है।महिला का शव मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत चुरचू रोड हत्यारी जंगल में मिला था। जब शव मिला था, तब उसकी पहचान नहीं हो पायी थी। बाद में महिला की पहचान हुई। सरोज लकड़ा दो बच्चों की माँ थी।

जानकारी के अनुसार,राँची की महिला का शव मिलने के 12 घंटे के अंदर मुफस्सिल थाना की पुलिस ने मामले का उद्भेदन करते हुए महिला की हत्या करने वाले बाप बेटा को गिरफ्तार कर लिया है।गिरफ्तार आरोपियों के नाम हजारीबाग मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चपवा गांव के रहीम अंसारी और मो मुबारक हैं।मृतका की भाभी के बयान पर मुफस्सिल थाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

बताया गया कि प्राथमिकी में रहीम अंसारी और मो मुबारक को नामजद आरोपी बनाया गया है। दोनों आरोपियों ने महिला सरोज लकड़ा को पहले जहर पिलाया, बाद में उसकी गला दबाकर हत्या कर दी।साक्ष्य छुपाने की नीयत से दोनों आरोपियों ने टोटो (ई-रिक्शा ) से शव को चुरचू मार्ग पर स्थित हत्यारी जंगल में फेंक दिया।

इस सम्बंध में सरोज लड़का की भाभी दयामनी लकड़ा ने बताया है कि सरोज की शादी 13 वर्ष पूर्व राँची अनगड़ा इलाके में हुई थी।उसके दो बच्चे (एक बेटा, एक बेटी) हैं। उसने बताया की सरोज और रहीम कांटाटोली में साथ में मजदूरी करते थे।छह माह पहले सरोज और रहीम दोनों कांटाटोली में काम छोड़कर हजारीबाग भागकर आ गये।तब से परिवार वालों को कोई जानकारी नहीं थी कि सरोज कहां रहती है।सरोज के साथ काम करने वाले मजदूरों से पूछने पर पता चला कि सरोज आरोपी रहीम के साथ हजारीबाग चली गयी है।उसके बाद 11 मई की शाम मुफस्सिल पुलिस ने जानकारी दी कि सरोज की डेड बॉडी मिली है।

मुफस्सिल थाना प्रभारी बजरंग महतो ने कहा की सरोज को प्रेम जाल में फंसाकर रहीम उसे हजारीबाग ले आया। आरोपी रहीम ने दूसरी लड़की से शादी कर ली।इसके बाद से सरोज आरोपी के घर आने-जाने लगी। आरोपी को यह पसंद नहीं था।इसलिए 8 मई को उसने सरोज को पहले जहर पिलाया।बाद में अपने पिता के साथ मिलकर गला घोंटकर सरोज की हत्या कर दी।साक्ष्य छुपाने के लिए महिला के शव को हत्यारी जंगल में फेंक दिया।

थाना प्रभारी बजरंग महतो ने बताया कि महिला का शव मिलने के बाद पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया।कुछ लोगों ने आरोपी रहीम के साथ चपवा गांव में सरोज लकड़ा को देखा था। पुलिस ने इसी आधार पर रहीम अंसारी और उसके पिता मो मुबारक से पूछताछ की पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो आरोपी पिता-पुत्र ने सरोज की हत्या की बात कबूल कर ली।इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

इधर सूचना मिलने के बाद राँची के सांसद मृतिका के घर पहुँचे और पूरी जानकारी ली गई।

हजारीबाग में महिला सरोज टोप्पो की हत्या की जानकारी मिलने पर राँची सांसद मृतिका के परिजनों से मिलने राँची में नामकुम इलाके के सुदूरवर्ती गांव पोसताबेडा के महुवाटोली स्थित घर पहुंचे।सांसद ने मृतिका के पिता आगुस्तिन टोप्पो एवं अन्य परिजनों से संबंधित जानकारी ली।कृषक पिता ने बताया कि उन्होंने दो शादी की थी पहली पत्नी से दो बेटी एवं एक बेटा है। तीनों में सरोज बड़ी थी। पहली पत्नी के देहांत के बाद दूसरी शादी कि जिससे चार बच्चे हैं। परिजनों ने बताया कि उनकी बेटी सरोज टोप्पो की शादी 8-10 साल पहले जोन्हा के डोकाद में हुई थी।सरोज राँची में जाकर मज़दूरी करती थी।इसी दौरान आरोपी रहीम अंसारी के संपर्क में आ गईं।दोनों में प्रेम होने के बाद दोनों ने शादी कर लिया एवं सरोज से नाम बदलकर और धर्म परिवर्तन कर फातिमा कर दिया।कई महीनों से सरोज घर नहीं आईं।

17 अप्रैल को भाई की शादी में भी सरोज नहीं आई।वहीं शादी के बाद मेहमानी में सिदरौल सिंदवारटोली में रहीम के साथ आईं थीं और वही से वापस चलीं गईं।गुरुवार की शाम पुलिस ने हत्या की की जानकारी देते हुए हजारीबाग बुलाया। सरोज का भाई एवं चाचा का बेटा शुक्रवार को हजारीबाग गए जहां उसका अंतिम संस्कार हुआ।परिजनों ने भारी मन से कहा कि हमें लगा बेटी जहां रहें ख़ुश रहें। इस तरह की घटना होगी कभी नहीं सोचा था। उन्होंने आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग की।

इधर सांसद ने कहा कि लव जिहाद के लिए सख्त कानून बनना चाहिए। राज्य में लॉ एंड ऑर्डर ध्वस्त हैं।महिला, पुरुष, बच्चे बड़े, व्यवसायी सभी असुरक्षित है।सांसद के साथ पूर्व विधायक रामकुमार पाहन, पंचायत के मुखिया रंजीत लकड़ा,सहित कई लोग शामिल थे।