नहाने के क्रम में दो बच्चे तालाब में डूबे,ग्रामीणों ने दोनों के शवों को बाहर निकाला…

चाईबासा।झारखण्ड के पश्चिमी सिंहभूम के टोंटो थाना क्षेत्र में तालाब में नहाने के क्रम में दो बच्चों की डूबने से मौत हो गयी। सुखलाल हांसदा की 6 साल की बेटी सुषमा हांसदा और स्व प्रधान चांपिया का 4 वर्षीय पुत्र विष्णु चांपिया के शवों को ग्रामीणों ने बाहर निकाला। जानकारी मिलने पर गुरुवार शाम को ग्रामीण तालाब पहुंचे और बच्चों की खोजबीन शुरू की। विष्णु का शव तो शाम में निकाल लिया गया, लेकिन सुषमा का शव बरामद न हो सका।शुक्रवार सुबह सुषमा हांसदा का शव तालाब के किनारे पानी के ऊपर तैर रहा था।घटना के बाद से परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।इस घटना से पूरे गांव में मातम पसर गया है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार दिन के करीब तीन बजे वे दोनों बच्चे गांव के अन्य बच्चों के साथ तालाब में नहाने चले गये थे। तालाब में सभी बच्चे नहा रहे थे। इसी दौरान दोनों तालाब के गहरे पानी में डूबने लगे।बच्चों ने परिजनों को बताया कि विष्णु और सुषमा डूब गये।उनके साथ नहा रहे अन्य बच्चों ने दोनों को बचाने का।भरसक प्रयास किया, लेकिन वे कामयाब न हो सके। विष्णु और सुषमा के डूबने के बाद बच्चे सहम गये। सभी काफी देर से घर पहुंचे।विष्णु और सुषमा के परिजनों ने अन्य बच्चों से उनके घर न आने का कारण पूछा, तो उन्होंने डरते-सहमते बताया कि दोनों तालाब में डूब गये हैं।

इसके बाद ग्रामीण तालाब पहुंचे। दोनों बच्चों की खोजबीन शुरू हो गयी।शाम करीब सात बजे विष्णु चांपिया का शव मिला।दूसरे दिन सुबह यानी शुक्रवार को सुषमा का भी शव मिल गया।घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस गांव पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम कराने के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया।