लड़की वाले बाराती आने का इंताजर करते रहा,उधर दूल्हा प्रेमिका को लेकर फरार हो गया..

डेस्क टीम:उत्तर प्रदेश के महाराजगंज में शादी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है।यहां शादी के दिन दूल्हा अपनी प्रेमिका के साथ फरार हो गया और दुल्हन अपनी बारात आने का इंतजार करती रही। दूल्हे के फरार होने की जानकारी होते ही लड़की वालों के घर में मायूसी छा गई।दुल्हन के परिजन लड़के वालों के घर पहुंचे और उनसे बातचीत की। दूल्हा-दुल्हन के पक्ष में काफी देर तक हंगामा चला। फिलहाल यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

यह मामला परसामलिक थानाक्षेत्र का है।यहां की रहने वाली एक युवती की शादी नौतनवा थानाक्षेत्र के रहने वाले एक युवक से तय हुई थी।बुधवार को बारात आनी थी। लड़की वाले शादी की पूरी तैयारी कर चुके थे।घर-द्वार सब सज चुका था।सारे मेहमान भी पहुंच गए, लेकिन देर शाम तक बारात आने की हलचल नहीं मिली।इस बात से चिंतित लड़की के परिजनों ने दूल्हे के घरवालों से सम्पर्क किया। इस दौरान पता चला कि दूल्हा अपनी प्रेमिका को लेकर फरार हो गया है। इस वजह से बारात नहीं आ पाएगी।

खबर के अनुसार,फरार दूल्हे के घर पर भी तैयारी हो गई थी। सारे रिश्तेदार भी बारात जाने के लिए आ गए थे, लेकिन घटना की जानकारी मिलने के बाद वे वापस लौट गए।इसके बाद दुल्हन के परिजन व रिश्तेदार लड़के के घर पहुंचे।इस पर दूल्हा पक्ष के लोगों ने अपनी बेबसी बयां की।लड़की पक्ष को इस बात से ऐतराज था कि जब दूल्हे को कोई और लड़की पसंद थी।वह उसी से शादी करना चाहता था तो इस बात को पहले ही बताना चाहिए। इस बात को लेकर हंगामा भी हुआ।

हालांकि, बाद में दोनों पक्ष के बीच बातचीत हुई, जिसमें यह निर्णय हुआ कि जो होना था वह हो गया।शादी की तैयारी में लड़की पक्ष ने जितना खर्च किया है, उसका वहन लड़के वाले करेंगे। वहीं परसामलिक थाने के प्रभारी प्रशांत पाठक ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है, लेकिन दूल्हा और दुल्हन पक्ष के बीच समझौता हो गया है।