जयमाल के बाद शादी समारोह में खूनी तांडव, तीन दोस्तों पर ताबड़तोड़ फायरिंग; दो की मौके पर मौत, तीसरा जिंदगी-मौत से जूझ रहा, दोहरे हत्याकांड के बाद सड़क पर बवाल

 

डेक्स/आरा। बिहार के भोजपुर जिले में एक शादी समारोह उस वक्त खूनी वारदात में बदल गया,जब जयमाल की रस्म पूरी होने के बाद हथियारबंद बदमाशों ने तीन दोस्तों को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। अचानक हुई गोलीबारी से शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। इस सनसनीखेज वारदात में दो युवकों की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना मंगलवार की देर रात आरा शहर से सटे मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बीबीगंज चकिया गांव की है। वारदात के बाद शादी की खुशियां चीख-पुकार में बदल गईं। वहीं, दो युवकों की हत्या से पूरे इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है।

जयमाल के बाद अचानक शुरू हुई गोलीबारी

मिली जानकारी के अनुसार, बीबीगंज गांव निवासी राहुल कुमार के रिश्ते में नाना नरेश यादव की बेटी और राहुल की मौसी नेहा की शादी थी। बारात कृष्णगढ़ थाना क्षेत्र के पद्मीनिया गांव से आई थी। शादी में शामिल होने के लिए राहुल अपने दोस्तों के साथ पहुंचा था। दोस्तों में दीपक कुमार, सोनू कुमार और विक्की कुमार भी शामिल थे।

मृतकों के दोस्त विक्की कुमार के मुताबिक, सभी दोस्त शादी समारोह में मौजूद थे। जयमाल की रस्म पूरी होने के बाद अचानक हथियारबंद बदमाश वहां पहुंचे और तीन दोस्तों पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। गोली चलते ही समारोह में भगदड़ मच गई। लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान दीपक कुमार और राहुल कुमार को गंभीर गोली लगी, जबकि एक अन्य युवक भी जख्मी हो गया। बाद में दोनों युवकों की मौत हो गई।

पेंटर था दीपक, दिल्ली में निजी कंपनी में काम करता था राहुल

इस वारदात में जान गंवाने वाले दोनों युवकों के परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दीपक कुमार पांच भाइयों और एक बहन में तीसरे नंबर पर था। उसके परिवार में मां मीना देवी, भाई प्रेम कुमार, शंकर कुमार, सागर कुमार और विशाल कुमार तथा बहन आरती कुमारी हैं। दीपक पेंटर का काम कर अपने परिवार की मदद करता था।

वहीं, राहुल कुमार तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके परिवार में मां गुड़िया देवी और दो भाई राकेश कुमार एवं रितेश कुमार हैं। राहुल दिल्ली की एक निजी कंपनी में काम करता था। दोनों युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन, टायर जलाकर जताया आक्रोश

दोहरे हत्याकांड के बाद बुधवार की सुबह मृतकों के परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। लोगों ने दोनों युवकों के शवों को आरा-बड़हरा मार्ग पर दौलतपुर गांव के समीप सड़क पर रखकर जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने हत्याकांड में शामिल आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। इस दौरान सड़क पर टायर जलाकर आगजनी भी की गई। सड़क जाम के कारण आवागमन प्रभावित हुआ।

पूर्व विवाद के एंगल पर जांच, एसआईटी गठित

घटना की सूचना मिलने के बाद सदर एसडीपीओ-1 सुशील कुमार, नवादा थानाध्यक्ष कुमार रजनीकांत और मुफस्सिल थानाध्यक्ष संजीव कुमार पुलिस बल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली। इसके बाद दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया।

सदर एसडीपीओ-1 सुशील कुमार ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। शुरुआती जांच में घटना का संबंध पूर्व के विवाद से जुड़ा होने की बात सामने आ रही है। मामले के खुलासे के लिए एसआईटी गठित की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि शादी समारोह में तीन दोस्तों को निशाना बनाकर गोलियां क्यों चलाई गईं और इस दोहरे हत्याकांड के पीछे कौन लोग हैं। पुलिस की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही वारदात की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

इस हत्याकांड में दो बाइक पर सवार छह हथियारबंद हमलावरों के शामिल होने की बात सामने आई है। मृतकों की पहचान शुभकरणगंज निवासी राहुल कुमार (18) और दीपक कुमार (22) के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक सोनू कुमार (18) दौलतपुर का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार सोनू की हालत अब खतरे से बाहर है।

समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने नगर थाना क्षेत्र के गौसगंज निवासी धीमान यादव और आशीष यादव की पहचान आरोपियों के रूप में की है। शुरुआती जांच में दोनों पक्षों के बीच पुरानी व्यक्तिगत रंजिश को गोलीबारी की वजह माना जा रहा है। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही होगी। घटनास्थल से तीन खोखे और एक पिलेट भी बरामद किए गए हैं।पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है।

 

error: Content is protected !!