जामताड़ा में साइबर ठगों का बड़ा खेल बेनकाब, गूगल पर फर्जी कस्टमर केयर नंबर डालकर करते थे शिकार; APK भेजकर खाते करते थे खाली, 10 गिरफ्तार

 

जामताड़ा। गूगल पर कस्टमर केयर नंबर खोज रहे हैं तो सावधान! आपकी एक छोटी सी चूक बैंक खाते को खाली कर सकती है। जामताड़ा में साइबर ठगी के ऐसे ही नेटवर्क का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। दो अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर पुलिस ने 10 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 16 मोबाइल फोन, 17 सिम कार्ड और एक लैपटॉप बरामद किया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी गूगल पर नामी ई-कॉमर्स कंपनियों, ई-पेमेंट प्लेटफॉर्म और उपभोक्ता सामग्री कंपनियों के कस्टमर केयर नंबर के नाम पर अपने फर्जी मोबाइल नंबर डालते थे। जब कोई ग्राहक अपनी समस्या के समाधान के लिए इन नंबरों पर संपर्क करता था, तो ठग खुद को कंपनी का कस्टमर केयर कर्मचारी बताकर उसे अपने जाल में फंसा लेते थे।

कस्टमर केयर का झांसा, मोबाइल में APK और फिर खाते पर हाथ साफ

ठगी का तरीका बेहद शातिर था। आरोपी ग्राहकों को समस्या का समाधान करने का भरोसा दिलाते और उनके मोबाइल पर APK फाइल भेजकर डाउनलोड करवाते थे। इसके बाद मोबाइल के जरिए बैंक खातों से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल कर लेते थे और देखते ही देखते पीड़ितों के खाते से पैसे उड़ा देते थे।

सिर्फ ऑनलाइन ठगी ही नहीं, बल्कि आरोपी अपने नाम पर चार-पांच से अधिक सिम कार्ड भी लेते थे और उन्हें दूसरे साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे। इस तरह ठगी के नेटवर्क को सिम कार्ड की सप्लाई भी की जाती थी।

दो ठिकानों पर पुलिस की दबिश, 10 आरोपी दबोचे गए

पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर डीएसपी अमित रविदास के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम बनाई गई थी। पहली कार्रवाई नारायणपुर थाना क्षेत्र के मुरलीपहाड़ी गांव में पानी टंकी के पीछे की गई। यहां से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

इनमें बंदरचुआं गांव के साजिद अंसारी (23), समीर अंसारी (24), दिलबर अंसारी (21), कलीम अंसारी (42) और इमरान अंसारी (25) शामिल हैं।

वहीं, दूसरी कार्रवाई मिहिजाम थाना क्षेत्र में हुई। यहां से लीलानगर कानगोई निवासी संजय मंडल, राजू मंडल और दुन्नू मंडल के अलावा शंकरपुर गांव निवासी धीरज कुमार साव तथा बीरसिंह गांव निवासी रविशन मुर्मू को गिरफ्तार किया गया।

दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया में जुट गई है।

जामताड़ा में साइबर अपराध पर पुलिस का शिकंजा, 11 महीने में 170 गिरफ्तार

जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई का आंकड़ा भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार, जनवरी 2026 से 25 नवंबर 2026 तक कुल 170 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान 410 मोबाइल फोन, 496 सिम कार्ड, 37 एटीएम कार्ड, सात पासबुक, चार लैपटॉप और 13 मोटरसाइकिल जब्त की गई हैं। पुलिस ने इस अवधि में 24 लाख 33 हजार 700 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।

बरामदगी एक नजर में

गिरफ्तार साइबर अपराधी : 10

मोबाइल फोन : 16

सिम कार्ड : 17

लैपटॉप : 01

error: Content is protected !!