लोहरदगा:आंधी बारिश ने जमकर मचाई तबाही, दो लोगों की मौत, कई लोग घायल…

लोहरदगा।झारखण्ड के लोहरदगा जिले में सोमवार को आंधी-बारिश ने जमकर तबाही मचाई है। लोहरदगा जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्र में आंधी-बारिश की वजह से कई गरीबों का आशियाना तबाह हो गया।जबकि पेड़ गिरने और वज्रपात की घटना में दो लोगों की मौत हो गई है। इन घटनाओं में कई लोग घायल भी हुए हैं।दो घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।वहीं कई लोग आंशिक रूप से भी घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलने के साथ ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गई हैम

बताया जा रहा है कि सेन्हा थाना क्षेत्र के रानीगंज साप्ताहिक बाजार में आंधी बारिश से बचने के लिए ग्रामीण बाजार शेड के नीचे खड़े थे।इसी दौरान एक विशालकाय पेड़ शेड पर गिर गया।जिससे सेन्हा थाना क्षेत्र के ढोठा टोली निवासी बिरसा उरांव के पुत्र लाल बिहार उरांव (35 वर्ष) की मौके पर मौत हो गई। कहा जा रहा है कि लाल बिहारी उरांव डांडू ढोठा टोली से नीचे तुरियाडीह गांव सरहुल का निमंत्रण देकर लौट रहा था। तभी मौसम खराब होने की वजह से वह अन्य ग्रामीणों के साथ बाजार शेड के नीचे खड़ा हो गया।इस घटना में आरा पोडिया टोली गांव निवासी सोनू उरांव की पत्नी वीणा उरांव और एक बच्चा भी घायल हुआ है। घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।

दूसरी घटना में सेन्हा थाना क्षेत्र के तोड़ार मैना टोली गांव में वज्रपात की चपेट में आने से रामस्वरूप मुंडा के पुत्र भुवनेश्वर मुंडा की मौत हो गई। वहीं वज्रपात की चपेट में तीन मवेशियों की भी मौत हुई है।

इसके अलावा लोहरदगा जिला के कैरो थाना क्षेत्र में भी वज्रपात ने भारी तबाही मचाई है।कई लोगों के घर पर पेड़ गिरने की वजह से उनका घर पूरी तरह से टूट गया। वहीं बिजली के पोल को भी काफी नुकसान पहुंचा है। बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। बीच सड़क पर पेड़ गिरने की वजह से आवागमन भी बाधित हुआ है। जिले के सदर थाना क्षेत्र में भी कई लोगों का मकान गिर गया। तेज आंधी बारिश की वजह से काफी ज्यादा नुकसान हुआ है। मौत के घटना की पुष्टि सेन्हा थाना के पुलिस अवर निरीक्षक मनोज कुमार ने की है।

 

इन जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात का येलो अलर्ट

मौसम केंद्र, राँची ने बोकारो, चतरा, हजारीबाग, रामगढ, गुमला, लातेहार, लोहरदगा और राँची जिले में आने वाले समय में तेज हवा के झोंके के साथ मेघगर्जन, वज्रपात के साथ हल्की बारिश की आशंका जताई है। मौसम केंद्र, रांची ने चेतावनी वाले जिलों में मौसम साफ होने तक लोगों से सजग और सावधान रहने की अपील की है।

पिछले 24 घंटे में जमशेदपुर रहा सबसे गर्म

मौसम केंद्र, राँची के अनुसार पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक तापमान जमशेदपुर में 37.7℃ और न्यूनतम तापमान 17℃ रिकॉर्ड किया गया। इस दौरान राँची का अधिकतम तापमान 32.6℃ और न्यूनतम तापमान 18.1℃ रहा. डाल्टेनगंज का अधिकतम तापमान 37.4℃ और न्यूनतम तापमान 17.5℃ रहा. बोकारो का अधिकतम तापमान 34.1 ℃ और न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस रहा. मौसम केंद्र, राँची ने उम्मीद जताई है कि मंगलवार से मौसम साफ होगा और तापमान में बढ़ोतरी होगी।

खेती पर पड़ेगा खराब असर

राँची के कृषि पदाधिकारी राम शंकर सिंह ने कहा कि बेमौसम की बारिश और कई जगह पर छोटे से मंझले आकार के ओला वृष्टि का खराब असर सब्जियों और रबी की खेती पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि रबी की ज्यादातर फसलें तैयार होने की स्थिति में है।इसलिए उस पर बेमौसम की बारिश और ओलावृष्टि का खराब असर होगा।कृषि पदाधिकारी ने कहा कि इस मौसम और ओलावृष्टि से आम और लीची के मंजर पर भी खराब असर होगा।