चतरा पुलिस के हत्थे चढ़ा दो सगे भाई,घर में करते थे अवैध ब्राउन सुगर की मिनी फैक्ट्री का संचालन, डेढ़ करोड़ का मादक पदार्थ बरामद….

चतरा।झारखण्ड के चतरा में अफीम तस्करों के आर्थिक स्रोत पर पुलिस ने करारा प्रहार किया है। करीब डेढ़ करोड़ के प्रतिबंधित अफीम के साथ दो सगे भाईयों को गिरफ्तार किया गया है। एसपी विकास पांडेय को मिली गुप्त सूचना के आधार पर डीएसपी मुख्यालय रोहित कुमार रजवार के नेतृत्व में गठित वशिष्टनगर जोरी थाना पुलिस की स्पेशल टीम को यह कामयाबी हांथ लगी है।गिरफ्तार तस्कर आपस मे सहोदर भाई हैं। दोनों मिलकर घर में ब्राउन सुगर के मिनी फैक्ट्री का संचालन करते थे। गिरफ्तार तस्करों के घर से सुरक्षाबलों ने 28 किलो 50 ग्राम गिला अफीम, ब्राउन शुगर बनाने में प्रयुक्त जैक मशीन, ढक्कन, लकड़ी का टुकड़ा, प्लास्टिक टब व अफीम से सना कपड़ा जप्त किया है।

प्रेस कांफ्रेंस में पुलिस अधीक्षक विकास पांडेय ने बताया कि थाना क्षेत्र के राजगुरु गांव में पुलिस ने यह बड़ी कार्रवाई की है। गांव के दो सहोदर भाईयों देवनंदन गंझू व पंकज कुमार को दबोचा गया है। उन्होंने बताया कि दोनों भाई मिलकर अफीम तस्करी के काले धंधे का संचालन करते थे। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार तस्करों के घर से 28 किलो 50 ग्राम गिला अफीम, ब्राउन शुगर बनाने में प्रयुक्त जैक मशीन, ढक्कन, चार पीस लकड़ी का टुकड़ा, गेरुआ रंग का प्लास्टिक टब व अफीम से सना कपड़ा समेत अफीम से ब्राउन सुगर बनाने में प्रयुक्त सामान भी बरामद किया गया है।

एसपी ने कहा है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त तस्करों और माफियाओं के विरुद्ध पुलिस का अभियान निरंतर जारी रहेगा। किसी भी परिस्थिति में जिले में सफेद जहर के काले साम्राज्य के संचालन की इजाजत नहीं दी जाएगी।