चाईबासा:सुरक्षा बलों को मिली बड़ी सफलता, दो नक्सली समर्थक गिरफ्तार, लेवी के लाखों रुपये के साथ विस्फोटक भी बरामद….

चाईबासा।झारखण्ड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन में पुलिस जवानों को बड़ी सफलता मिली है। नक्सलियों के खिलाफ सर्च अभियान के दौरान टोंटो थाना के नक्सल प्रभावित क्षेत्र के सरजोमबुरू गांव से दो नक्सली समर्थकों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर लेवी के 10 लाख 50 हजार रुपये नगद, विस्फोटक और अन्य सामग्री बरामद किया गया है।

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने बताया कि पुलिस और सीआरपीएफ जवानों की संयुक्त अभियान टोंटो थाना क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान चला रही थी। इसी दौरान ग्रामीणों से पूछताछ के क्रम में ग्राम सरजोमबुरू से दो भाइयों राजेश देवगम और जयपाल देवगम (दोनों ममता देवगम के पुत्र) को 22 मार्च को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में उन्होंने अपने स्वीकारोक्ति बयान में बताया कि टोन्टो थानान्तर्गत वनग्राम जिम्की इकीर और राजाबासा के आस-पास जंगली पहाड़ी क्षेत्र में शीर्ष नक्सलियों के द्वारा पूर्व में प्राप्त लेवी का पैसा छिपाकर रखा गया है। जिसे विशेष अभियान संचालित कर पुलिस जवानों ने 23 मार्च को टोंटो थानान्तर्गत वनग्राम जिम्की इकीर और राजाबासा के आसपास जंगली पहाड़ी क्षेत्र से भारी मात्रा में नकदी और अन्य दैनिक उपयोग के सामान बरामद किए गए। फिलहाल नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है।

पुलिस को प्रतिबंधित भाकपा माओवादी नक्सली संगठन के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, चमन, कांडे, अजय महतो, सागेन अंगरिया, अश्विन अपने दस्ता सदस्यों के साथ कोल्हान क्षेत्र में विध्वंसक गतिविधि के लिए भ्रमणशील होने की सूचना मिली थी।जिसके आलोक में चाईबासा पुलिस, कोबरा 209 BN, 203 BN, 205 BN, झारखंड जगुआर और सीआरपीएफ 60 BN, 197 BN, 157 BN, 174 BN, 193 BN, 134 BN, 26 BN, 190 BN, 11 BN की टीमों का एक संयुक्त अभियान दल गठित कर लगातार अभियान संचालित किया जा रहा है।जिससे कई सफलताएं भी मिली हैं।

सुरक्षाबलो ने नक्सलियों के पास से दस लाख पच्चास हजार रुपये नकद, लेवी प्राप्त करने वाला लेवी रसीद, लगभग 100 ग्राम अर्ध ठोस गुलाबी संदिग्ध विस्फोटक सामग्री पॉलीबैग में पैक की गई, पुल थू-2, वायरलेस सेट-3, रेडियो सेट-1, टैबलेट-1, वायरलेस चार्जर-1, चश्मा 1, पॉवरबैंक-1, गर्दन बैंड-1, अन्य दैनिक उपयोग के सामान बरामद किए हैं।