खूंटी में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: 200 किलो गांजा बरामद, पांच अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

राँची/खूंटी।झारखण्ड के खूंटी जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने बड़ी कार्रवाई की है। कर्रा थाना क्षेत्र के लोधमा पुलिस पिकेट के पास वाहन जांच के दौरान संयुक्त टीम ने करीब 200 किलो गांजा बरामद किया है। मामले में पांच कथित अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे एक चारपहिया वाहन को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
बताया जा रहा है कि खूंटी के एसपी ऋषभ गर्ग को जिले से गांजे की एक बड़ी खेप गुजरने की सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया था कि गांजा ओडिशा के राउरकेला से झारखण्ड के रास्ते राँची ले जाया जा रहा है। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एनसीबी के अधिकारियों से समन्वय स्थापित किया और संयुक्त टीम गठित कर कार्रवाई शुरू की।
सूचना के आधार पर कर्रा थाना पुलिस और NCB की संयुक्त टीम ने लोधमा पुलिस पिकेट के समीप वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान टीम को एक संदिग्ध चारपहिया वाहन दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली।तलाशी के दौरान वाहन के अंदर छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ। जांच के बाद बरामद गांजे का वजन करीब 200 किलोग्राम बताया गया। इसके बाद वाहन में सवार पांचों आरोपियों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल वाहन को भी जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हजारीबाग जिले के बरही निवासी रवि शंकर, रिजवान खान और रवि कुमार तथा पदमा निवासी मोहम्मद इसराफिल और मोहम्मद अफरीद के रूप में हुई है। पुलिस और NCB अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे राँची में किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गांजे की खेप ओडिशा के राउरकेला से सिमडेगा और कमडारा के रास्ते राँची ले जाई जा रही थी। इस कार्रवाई से एक बड़े अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है। NCB की टीम गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है। जांच एजेंसियों की नजर इस बात पर भी है कि गांजे की सप्लाई कहां से होती थी, इसे झारखंड में कौन रिसीव करता था और इसके पीछे मुख्य सरगना कौन है।
कार्रवाई पूरी होने के बाद NCB की टीम बरामद गांजा, जब्त चारपहिया वाहन और गिरफ्तार पांचों आरोपियों को अपने साथ राँची स्थित NCB कार्यालय ले गई। यहां आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां तस्करी से जुड़े मोबाइल नंबर, संपर्कों और संभावित नेटवर्क की भी पड़ताल कर सकती हैं।
तोरपा डीएसपी विजय सिंह ने पुलिस और NCB की संयुक्त कार्रवाई तथा पांच आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। मामले में NDPS Act के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई NCB की ओर से की जा रही है।

