Ranchi:बुंडू के जंगली इलाके में मिला सिर कटा अधजला शव, इलाके में सनसनी

​राँची।राँची जिले के बुंडू थाना क्षेत्र से एक बेहद ही वीभत्स घटना सामने आई है। शुक्रवार को बुंडू के सुमनडीह गांव के समीप स्थित तेतरटांड़ के जंगली इलाके से पुलिस ने एक अज्ञात शव बरामद किया है। शव की स्थिति इतनी भयावह है कि उसे देखकर हर कोई सिहर उठा।

​प्राथमिक जांच में पुलिस इसे सुनियोजित हत्या का मामला मान रही है। शव का सिर धड़ से अलग पाया गया, वहीं शरीर का बड़ा हिस्सा आग से बुरी तरह झुलसा हुआ है। घटनास्थल की स्थिति को देखकर आशंका जताई जा रही है कि कातिलों ने हत्या के बाद शव की पहचान छुपाने और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से उसे जलाने का प्रयास किया है। मृतक की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच आंकी जा रही है।


​घटना की सूचना मिलते ही बुंडू पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को सील कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम, तकनीकी शाखा और डॉग स्क्वॉड को बुलाया गया। विशेषज्ञों ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं।

इस दौरान बुंडू डीएसपी ओमप्रकाश और थाना प्रभारी जयदीप टोप्पो सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।​घटनास्थल पर काफी संख्या में ग्रामीण भी जमा हो गए थे। फिलहाल पुलिस हत्या के हर पहलुओं की गहन जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए शनिवार को भेजा जाएगा। पुलिस को भरोसा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर न केवल मृतक की पहचान हो सकेगी, बल्कि इस जघन्य वारदात के पीछे के दोषियों तक भी जल्द पहुंचा जा सकेगा।

error: Content is protected !!