बोकारो में जमीन कारोबारी की रहस्यमयी मौत: लॉज के कमरे से सड़ी-गली लाश बरामद, हत्या या आत्महत्या? जांच में जुटी पुलिस

 

बोकारो।झारखण्ड के बोकारो जिले में एक जमीन कारोबारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है। चास थाना क्षेत्र के चेकपोस्ट के समीप स्थित शिवा लॉज के एक कमरे से सड़ी-गली अवस्था में शव बरामद होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान धनबाद के जयप्रकाश नगर निवासी लक्ष्मण साव के रूप में हुई है, जो बोकारो और रांची में जमीन के कारोबार से जुड़े थे।

परिजनों के मुताबिक, 17 जून को लक्ष्मण साव की आखिरी बार पत्नी से फोन पर बातचीत हुई थी। उन्होंने जल्द घर लौटने की बात कही थी, लेकिन इसके बाद उनका कोई संपर्क नहीं हुआ।अचानक लॉज के कमरे से शव मिलने की खबर ने परिवार को झकझोर कर रख दिया है। जमीन कारोबार से जुड़े होने के कारण परिजनों ने इसे हत्या का मामला बताते हुए गहन जांच की मांग की है।

घटना चास के चेकपोस्ट के पास स्थित शिवा लॉज की तीसरी मंजिल के कमरा नंबर 15 की है। बताया जा रहा है कि कई दिनों से कमरे का दरवाजा नहीं खुल रहा था और भीतर से तेज दुर्गंध आ रही थी। संदेह होने पर जब कमरे की जांच की गई तो अंदर लक्ष्मण साव का शव पड़ा मिला।

मामले में एक और बड़ा सवाल तब खड़ा हो गया जब लॉज संचालक प्रवीण मंडल ने बताया कि कमरा अजय प्रसाद के नाम से बुक किया गया था। हैरानी की बात यह है कि लॉज में ठहरने वाले लोगों का आईडी कार्ड लेना अनिवार्य होने के बावजूद इस व्यक्ति का आईडी नहीं लिया गया। लॉज मालिक ने इसे मैनेजर की बड़ी लापरवाही बताया है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चास के एडिशनल एसपी वेदांत शंकर ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आखिर लक्ष्मण साव लॉज में किस परिस्थिति में ठहरे थे और उनकी मौत के पीछे की असली वजह क्या है।

error: Content is protected !!