चौंका देगी हत्या की वजह:सिमडेगा में सुमानी देवी हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा;दुष्कर्म की पीड़िता सहित तीन आरोपी गिरफ्तार….

सिमडेगा।झारखण्ड के सिमडेगा जिले के सदर थाना क्षेत्र के बंगरू तेली टोली में महिला की हत्या मामले का सिमडेगा पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्याकांड में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला और दो पुरुष शामिल हैं। एसडीपीओ पवन कुमार ने प्रेस वार्ता कर मामले की विस्तृत जानकारी दी है।एसडीपीओ ने बताया कि 08 मई 2024 को सदर थाना क्षेत्र के बंगरू के तेली टोली में मजदूरी कर घर लौट रही सुमानी देवी नामक महिला की हत्या सिर कुचल कर की गई थी। शव बरामद करने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई थी। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ता गया हत्या के अलावा दूसरा पहलू निकलकर सामने आया। जिसने पुलिस को भी हैरान कर दिया।

पुलिस की जांच में पाया गया कि दुष्कर्म में सहयोग करने के प्रतिशोध में सुमानी देवी की हत्या की गई थी।पुलिस ने जांच के क्रम में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर हत्याकांड में तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। जिसमें दुष्कर्म पीड़िता महिला और दो पुरुष शामिल हैं।

एसडीपीओ ने बताया कि सुमानी विगत एक मई को एक अन्य महिला को बहला-फुसलाकर कर अपने घर ले गई थी। जहां पहले से मौजूद सूचित टाटी नामक शख्स के साथ महिला को कमरे में बंद कर दिया था।जहां सूचित ने उक्त महिला के साथ दुष्कर्म किया था।

इसी बात के प्रतिशोध में दुष्कर्म पीड़िता के पति और दुष्कर्म पीड़िता ने मिलकर सुमानी देवी की हत्या कर दी थी।पुलिस ने मामले में अनुसंधान के दौरान दुष्कर्म के आरोपी और हत्या में शामिल पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकर कर लिया है।इसके बाद पुलिस ने तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।