हाईस्पीड चेज़ के बाद एक बकरी चोर गिरफ्तार,दो फरार… कार से बरामद हुईं 6 बकरियां और फर्जी नंबर प्लेट

-जान जोखिम में डालकर आरोपी को पकड़वाने वाले मो.निहाल की बहादुरी की पूरे क्षेत्र में हो रही चर्चा 

 

जमशेदपुर/चाकुलिया।झारखण्ड के पूर्वी सिंहभूम जिले में रविवार को बकरी चोरी की एक सनसनीखेज वारदात का नाटकीय अंत हुआ। कार में बकरियां भरकर भाग रहे कथित अंतरप्रांतीय चोर गिरोह का स्थानीय युवकों ने करीब 120-140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पीछा किया और आखिरकार एक आरोपी को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 6 चोरी की बकरियां, एक कार और कई फर्जी नंबर प्लेट जब्त की हैं।

जानकारी के अनुसार, स्थानीय मुस्लिम बस्ती स्थित हाटचाली परिसर में एक संदिग्ध कार पर सवार तीन युवक बकरियों के आसपास मंडरा रहे थे। लोगों को शक हुआ तो वे उनकी ओर बढ़े। खुद को घिरता देख तीनों कार लेकर तेजी से भाग निकले। भागने के दौरान उनकी कार ने स्थानीय युवक मो.निहाल की गाड़ी को टक्कर मार दी।टक्कर के बाद मो.निहाल ने हार नहीं मानी और अपनी क्षतिग्रस्त कार से चोरों का पीछा शुरू कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों वाहन हाईवे पर 120 से 140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ते रहे। इस दौरान कई बार दोनों गाड़ियों के बीच टक्कर भी हुई, जिससे निहाल की कार को भारी नुकसान पहुंचा। कई किलोमीटर तक चले इस रोमांचक पीछा का अंत घाटशिला के तामुकपाल इलाके में हुआ। वहां चोरों ने कार छोड़कर पैदल भागने की कोशिश की। इसी दौरान मो. निहाल ने भाग रहे एक आरोपी को अपनी कार से हल्का धक्का देकर गिरा दिया। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए।ग्रामीणों ने जब आरोपी की कार की तलाशी ली तो पिछली सीट पर बेरहमी से ठूंसकर रखी गई 6 बकरियां बरामद हुईं। सूचना मिलते ही चाकुलिया थाना प्रभारी राजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पकड़े गए आरोपी को हिरासत में ले लिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान जमशेदपुर निवासी मो. निशार उर्फ दानिश के रूप में हुई है। फरार आरोपियों तौसीफ और अरमान की तलाश में छापेमारी जारी है। जांच के दौरान कार से कई फर्जी नंबर प्लेट भी मिली हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि गिरोह वारदात के बाद पहचान छिपाने के लिए बार-बार नंबर प्लेट बदलता था।

चाकुलिया और आसपास के ग्रामीण इलाकों में लंबे समय से बकरी चोरी की घटनाएं लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई थीं। क्षेत्र के कई परिवार बकरी पालन को आय का प्रमुख साधन मानते हैं। ऐसे में इस कार्रवाई को ग्रामीण बड़ी सफलता के रूप में देख रहे हैं।

गौरतलब है कि इसी तरह की एक घटना में फरवरी 2025 में चाकुलिया के जोड़ीसा गांव में बकरी चोरी के आरोप में दो युवकों की भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। उस मामले में पुलिस ने कई लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इस बार पुलिस ने लोगों से कानून हाथ में न लेने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को देने की अपील की है।वहीं,जान जोखिम में डालकर आरोपी को पकड़वाने वाले मो.निहाल की बहादुरी की पूरे क्षेत्र में चर्चा हो रही है।

error: Content is protected !!