समंदर देखने की जिद में घर से भागे ‘करन-अर्जुन’, अपहरण की कहानी निकली झूठी; पुरी से मिला अर्जुन, करण और शिवा की तलाश जारी…राँची से पुरी तक CCTV के सहारे पुलिस ने सुलझाई गुत्थी…

 

राँची।राजधानी राँची से लापता हुए बच्चों करन और अर्जुन के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। जिस घटना को लेकर अपहरण की आशंका जताई जा रही थी, वह दरअसल बच्चों के घर से खुद निकल जाने का मामला निकला।राँची पुलिस ने लगातार जांच और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के बाद लापता बच्चों में से एक अर्जुन को ओडिशा के पुरी से सकुशल बरामद कर लिया है।

प्रारंभिक पुलिस पूछताछ में अर्जुन ने बताया कि वह अपने भाई करन और दोस्त शिवा के साथ सिर्फ समंदर देखने की इच्छा से घर से निकला था। तीनों बिना किसी को बताए ट्रेन से पुरी पहुंच गए। वहां उन्होंने बीच और जगन्नाथ मंदिर क्षेत्र में घूमकर खूब समय बिताया।शुरुआत में साथ लाए पैसों से काम चलता रहा, लेकिन जब पैसे खत्म हो गए तो खाने के लिए लोगों से मदद मांगनी पड़ी। इसी दौरान पुरी रेलवे स्टेशन पर रेलवे पुलिस की नजर उन पर पड़ी।पूछताछ के दौरान बच्चों ने अपनी असली पहचान छिपाने की कोशिश की। अर्जुन के अनुसार, उन्होंने रेलवे पुलिस को बताया कि वे अनाथ हैं और पुरी के ही रहने वाले हैं। उनका मकसद था कि किसी तरह उन्हें वापस घर न भेजा जाए।अर्जुन ने पुलिस को यह भी बताया कि उसका घर पर मन नहीं लगता था, इसलिए वह वापस लौटना नहीं चाहता था। इसी कारण उसने अपने साथियों के साथ बाहर रहने का फैसला किया।

जांच में अब तक ऐसा कोई तथ्य सामने नहीं आया है जिससे अपहरण की पुष्टि हो सके। इस घटना ने बच्चों की मानसिक स्थिति, उनकी इच्छाओं और परिवार के साथ संवाद की जरूरत को फिर से उजागर किया है। कई बार बच्चे अपनी भावनाएं व्यक्त नहीं कर पाते और अचानक ऐसा कदम उठा लेते हैं, जिससे परिवार और पुलिस दोनों परेशान हो जाते हैं।

अर्जुन के सकुशल मिलने के बाद अब पुलिस का पूरा फोकस उसके भाई करन और दोस्त शिवा को खोजने पर है। अर्जुन से मिली जानकारियों के आधार पर पुरी और आसपास के इलाकों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस को उम्मीद है कि दोनों बच्चों को भी जल्द सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा।

यह मामला जहां एक ओर परिवार के लिए राहत लेकर आया है, वहीं दूसरी ओर यह संदेश भी देता है कि बच्चों की भावनाओं, उनकी पसंद-नापसंद और मानसिक स्थिति पर लगातार ध्यान देना बेहद जरूरी है। कई बार छोटी-सी अनदेखी बड़ी परेशानी का कारण बन सकती है।

error: Content is protected !!