फिल्मी स्टाइल में रिवॉल्वर वाले भाइयों की कुटाई; ग्रामीणों ने सिखाया दबंगई का सबक,पुलिस को सौंपा…

​बोकारो।कहते हैं ‘अति का अंत बुरा होता है’, और जब गाँव वाले ठान लें, तो बड़े से बड़े सूरमा का नशा एक पल में हिरन हो जाता है। कुछ ऐसा ही नजारा शनिवार की देर शाम बोकारो के नावाडीह थाना क्षेत्र के बाराडीह पंचायत में देखने को मिला। यहाँ हाथ में रिवॉल्वर लहराकर टशन दिखाना दो बाहरी युवकों को भारी पड़ गया। ग्रामीणों ने न सिर्फ उनकी दबंगई का भूत उतारा, बल्कि जमकर ‘धुनाई सेवा’ करने के बाद उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया।

​मिली जानकारी के मुताबिक, बाघमारा के रहने वाले रजनीश कुमार और उनका एक दोस्त (जो लंबे समय से नावाडीह के दहियारी में अपने रिश्तेदार के घर जमे हुए थे) शनिवार की शाम बाराडीह गाँव में शराब पीने पहुँचे थे।​शाम के करीब 7 बजे, शराब के नशे में चूर इन युवकों की गाँव के ही एक स्थानीय युवक से किसी बात पर कहासुनी हो गई। खुद को ‘डॉन’ समझ रहे एक आरोपी ने आव देखा न ताव, सीधे कमर से रिवॉल्वर निकाली और युवक की छाती पर तानते हुए बोला— “ज्यादा बोलेगा तो यहीं ठोंक देंगे!”

​शुरुआत में तो स्थानीय युवक डर के मारे चुप हो गया और दोनों आरोपी टशन में आगे बढ़ गए। लेकिन जैसे ही वे थोड़ी दूर गए, पीड़ित युवक ने शोर मचाकर ग्रामीणों को इकट्ठा कर लिया। फिर क्या था? देखते ही देखते पूरा गाँव एकजुट हो गया।
​ग्रामीणों ने फिल्मी अंदाज में घेराबंदी की और दोनों ‘रिवॉल्वरधारियों’ को पंचायत भवन के पास दबोच लिया। इसके बाद जो हुआ, उसकी चर्चा अब पूरे इलाके में है।उग्र ग्रामीणों ने दोनों की हेकड़ी निकालते हुए उनकी जमकर सुताई कर दी।मौके पर मौजूद मुखिया प्रदीप वर्मा की मौजूदगी में ग्रामीणों ने आरोपी के हाथ से रिवॉल्वर छीन ली।ग्रामीणों का गुस्सा इस कदर सातवें आसमान पर था कि अगर पुलिस मौके पर पहुँचने में थोड़ी भी देर करती, तो आरोपियों का हश्र और बुरा हो सकता था।


​घटना की सूचना मिलते ही नावाडीह थाना के एएसआई राहुल कुमार और विक्रेश सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने ग्रामीणों के चंगुल से दोनों लहूलुहान युवकों को छुड़ाया, उन्हें हिरासत में लिया और थाने ले आई।

पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जाँच कर रही है कि आखिर आरोपियों के पास हथियार कहाँ से आया और उनका बैकग्राउंड क्या है। पुलिस के अनुसार, कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आज दोनों आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है।

​फिलहाल, बाराडीह गाँव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं गर्म हैं, लेकिन ग्रामीणों की इस एकजुटता ने अपराधियों को यह कड़ा संदेश दे दिया है कि गाँव में आकर ‘गुंडागर्दी’ की, तो अंजाम बहुत बुरा होगा।

error: Content is protected !!