मासूमों की तलाश में राँची पुलिस की जंग जारी, 50 हजार इनाम घोषित….कुख्यात गैंगस्टर राहुल सिंह की अपील बनी चर्चा का विषय…
राँची।राजधानी राँची के धुर्वा थाना क्षेत्र से 1 जून से लापता 12 वर्षीय जुड़वां भाई करण शर्मा और अर्जुन शर्मा की तलाश को लेकर पूरे शहर में चिंता का माहौल है। बच्चों की सुरक्षित बरामदगी के लिए राँची पुलिस लगातार अभियान चला रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बच्चों के संबंध में ठोस सुराग देने वाले व्यक्ति को 50 हजार रुपये नगद इनाम देने की घोषणा की है।धुर्वा थाना अंतर्गत शालीमार बाजार निवासी विकास शर्मा के दोनों बेटे रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए थे। इस संबंध में धुर्वा थाना कांड संख्या 118/26 दर्ज कर पुलिस लगातार जांच में जुटी हुई है। जांच के दौरान पता चला कि दोनों बच्चे हटिया रेलवे स्टेशन तक पहुंचे थे। पुलिस ने स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं तथा विभिन्न तकनीकी और मानवीय पहलुओं पर जांच जारी है।राँची पुलिस की कई टीमें लगातार बच्चों की तलाश में जुटी हैं। शहर से लेकर दूसरे जिलों तक अलर्ट जारी किया गया है। तकनीकी सर्विलांस, मुखबिर तंत्र और सोशल मीडिया के जरिए बच्चों तक पहुंचने की हरसंभव कोशिश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षित बरामदगी उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
गैंगस्टर राहुल सिंह की पोस्ट हुई वायरल
इसी बीच कुख्यात गैंगस्टर राहुल सिंह के नाम से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है। वायरल पोस्ट में झारखण्डवासियों, पुलिस प्रशासन और मीडिया से बच्चों की तलाश में सहयोग करने की अपील की गई है। पोस्ट में कहा गया है कि यदि किसी व्यक्ति को बच्चों के संबंध में कोई भी जानकारी मिलती है तो वह तत्काल पुलिस को सूचित करे।गैंगस्टर राहुल सिंह के नाम से वायरल संदेश में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और झारखण्ड पुलिस से विशेष अभियान चलाने का अनुरोध भी किया गया है। साथ ही मीडिया और सोशल मीडिया यूजर्स से बच्चों की तस्वीर और जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की गई है।हालांकि, इस वायरल पोस्ट की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि यह वास्तव में गैंगस्टर राहुल सिंह द्वारा ही साझा की गई है या नहीं। इसके बावजूद यह पोस्ट सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है।
एक सूचना बच्चों तक पहुंचा सकती है
राँची पुलिस ने भी आम लोगों से अपील की है कि बच्चों के संबंध में कोई भी छोटी-बड़ी जानकारी छिपाएं नहीं। पुलिस का मानना है कि एक छोटी सी सूचना भी जांच में बड़ी सफलता दिला सकती है।
पूरे राँची की निगाहें अब इस मामले पर टिकी हुई हैं। परिवार, स्थानीय लोग और पुलिस सभी बच्चों की सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए बैठे हैं। वहीं राँची पुलिस का अभियान लगातार जारी है और लोगों से सहयोग की अपील की जा रही है।
अगर आपको करण शर्मा और अर्जुन शर्मा के संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत राँची पुलिस या नजदीकी थाना को सूचित करें। आपकी एक सूचना दो मासूम बच्चों को उनके परिवार से मिला सकती है।

