5100 रुपये का डीजल भरवाकर फरार हुए स्कॉर्पियो सवार, पीछा करने पर कर्मी को कुचलने की कोशिश,भागने के दौरान स्कॉर्पियो हुआ दुर्घटनाग्रस्त…
राँची।सदर थाना क्षेत्र में कोकर स्थित डायमंड सेल्स पेट्रोल पंप से डीजल भरवाकर बिना भुगतान किए फरार होने और पीछा करने पर कर्मी को कुचलने की कोशिश करने का मामला सामने आया है।इस संबंध में सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।आवेदन के अनुसार, कोकर बाजार जतराटांड निवासी आर्यन सिंह (23 वर्ष), जो पिछले छह महीने से पेट्रोल पंप में कार्यरत हैं, ने बताया कि 13 जून की रात करीब 2.30 बजे एक काले रंग की स्कॉर्पियो (UP 16FM 3531) पर सवार पांच लोग पंप पर पहुंचे। चालक ने 5100 रुपये का डीजल भरवाया। डीजल भरने के बाद जब भुगतान के लिए बारकोड दिया गया तो उनका पेमेंट फेल हो गया।दोबारा प्रयास करने पर भी भुगतान नहीं हुआ और इसी दौरान वाहन सवारों ने शीशा बंद कर तेजी से गाड़ी भगानी शुरू कर दी।
आर्यन सिंह ने बताया कि पैसे नहीं मिलने पर उन्होंने अपनी बाइक (JH01GH 5587) से उनका पीछा किया। इस दौरान आरोपियों ने स्कॉर्पियो से उन्हें कुचलने की कोशिश की।तेज रफ्तार और लापरवाही में भागते हुए वाहन ने ओरमांझी थाना क्षेत्र के भारतमाला रोड पर डिवाइडर भी तोड़ दिया, जिससे स्कॉर्पियो क्षतिग्रस्त हो गई। बाद में पीसीआर की मदद से वाहन को कब्जे में लिया गया।सदर थाना पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

