वायरल वीडियो के बाद हरकत में पुलिस महकमा, आदिवासी महिला से दुर्व्यवहार के आरोप में एएसआई लाइन हाजिर
सरायकेला।चांडिल थाना क्षेत्र के रुचाप गांव में एक आदिवासी महिला के साथ कथित दुर्व्यवहार और मारपीट का मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सरायकेला-खरसावां एसपी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चांडिल थाना में पदस्थापित एएसआई यमुना राम को थाना से हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया है।
मामले को लेकर रुचाप गांव निवासी सोमवारी मुंडा ने पुलिस अधीक्षक और एसडीपीओ को लिखित शिकायत सौंपते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।शिकायत के अनुसार एएसआई यमुना राम उनके भांजे बलराम सिंह मुंडा को पकड़कर थाना ले जाने गांव पहुंचे थे। इसी दौरान जब उन्होंने इसका विरोध किया तो कथित रूप से एएसआई ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और डंडे से मारपीट की।
महिला का आरोप है कि मारपीट के दौरान उनके कपड़े भी फट गए और उनके साथ अपमानजनक व्यवहार किया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही मामला तेजी से चर्चा में आ गया और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एएसआई यमुना राम को तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन हाजिर करने का आदेश दिया है। साथ ही पूरे प्रकरण की विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं ग्रामीणों ने दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

