रामगढ़ में अवैध कोयला खनन के दौरान चार युवकों की मौत,मचा हड़कंप..

 

रामगढ़। झारखण्ड के रामगढ़ जिले के कुजू थाना क्षेत्र स्थित अरगड्डा में शनिवार सुबह अवैध कोयला खनन के दौरान एक दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। नयीसराय माइंस रेस्क्यू टीम ने सभी को खदान से बाहर निकालकर इलाज के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार टोंगी गांव के दो युवक देवा और डब्ल्यू शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे अवैध रूप से कोयला निकालने के लिए खदान के अंदर गए थे। कुछ देर बाद सिरका बुथबाजार निवासी किशोर और आशीष भी खदान में प्रवेश कर गए। खदान के भीतर चारों युवक अचेत अवस्था में गिर पड़े।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने प्रशासन को जानकारी दी। इसके बाद कुजू पुलिस, माइंस रेस्क्यू टीम, अग्निशमन विभाग और मेडिकल टीम सुबह करीब 11 बजे घटनास्थल पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने लगभग आधे घंटे की मशक्कत के बाद चारों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी जान जा चुकी थी।
माइंस रेस्क्यू टीम के सदस्य विकास कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में खदान के अंदर ऑक्सीजन की कमी के कारण हादसा होने की बात सामने आई है। वहीं, कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि गैस रिसाव की वजह से भी यह घटना हो सकती है। प्रशासन मामले की जांच में जुटा है।

इस हादसे ने एक बार फिर कोयलांचल क्षेत्र में जारी अवैध खनन के खतरनाक स्वरूप को उजागर कर दिया है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के बावजूद अवैध खनन पर प्रभावी रोक नहीं लग पाने को लेकर पुलिस, प्रशासन और खदान प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है, वहीं मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

error: Content is protected !!