अपहरण कांड में त्वरित कार्रवाई,मुंबई से सकुशल बरामद हुई नाबालिग,हजारीबाग पुलिस की बड़ी सफलता…
हजारीबाग।झारखण्ड के हजारीबाग जिले के चौपारण थाना कांड संख्या 144/26, दिनांक 27 मई 2026 को दर्ज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप में दर्ज प्राथमिकी पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चौपारण पुलिस ने गुप्त सूचना एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पीड़िता को महाराष्ट्र के मुंबई से सकुशल बरामद कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वादिनी ऊषा गुप्ता, पति संजय कुमार गुप्ता, निवासी पपरो रोड भंडार कॉलोनी, थाना चौपारण, जिला हजारीबाग ने अपनी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए नामजद अभियुक्तों के विरुद्ध मामला दर्ज कराया था। इस संबंध में चौपारण थाना कांड संख्या 144/26, धारा 96 एवं 3(5) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान प्रारंभ किया था।
अनुसंधान के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पीड़िता का पता लगाया और 11 जून 2026 को मुंबई से उसे सकुशल बरामद कर लिया। पीड़िता को सुरक्षित वापस लाए जाने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है।
पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है तथा नामजद अभियुक्तों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। चौपारण पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।

