Ranchi:केक लेने दुकान के अंदर गए थे पति-पत्नी, लौटे तो टूटी मिली कार का शीशा,गहने और कैश लेकर फरार हुए बदमाश
राँची।राजधानी राँची के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल मेन रोड पर अपराधियों ने एक परिवार की खुशियों में खलल डाल दिया। शादी की सालगिरह मनाने आए दंपति की कार का शीशा तोड़कर बदमाश गहने और नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए। घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त की पोल खोल दी है।
मिली जानकारी के अनुसार जमशेदपुर निवासी रोहित गुप्ता अपनी शादी की सालगिरह के मौके पर मेन रोड स्थित भारत बेकरी से केक लेने पहुंचे थे। उन्होंने अपनी कार लॉक कर दुकान के अंदर प्रवेश किया। कुछ ही मिनट बाद जब वे वापस लौटे तो कार के दाहिने तरफ का पिछला शीशा टूटा हुआ था और सीट पर रखा उनकी पत्नी का हैंडबैग गायब था।
पीड़ित के अनुसार बैग में सोने के झुमके समेत अन्य कीमती गहने और करीब 5 हजार रुपये नकद रखे हुए थे। घटना के बाद उन्होंने आसपास के लोगों और दुकानदारों से मदद मांगी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बाद में पुलिस को सूचना दी गई।
मामले की शिकायत लोअर बाजार थाना में दर्ज कराई गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।
रात के समय भी चहल-पहल रहने वाले मेन रोड पर हुई इस घटना ने पुलिस की रातभर गश्त के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि चेकिंग के नाम पर आम लोगों को परेशान किया जाता है, जबकि अपराधी बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं।

