दोस्त पर नशीला पदार्थ खिलाकर मोबाइल चोरी करने का आरोप, लालपुर थाना में केस दर्ज
राँची।लालपुर थाना क्षेत्र में नशीला पदार्थ खिलाकर मोबाइल चोरी करने के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। संत अन्ना गली, मुस्कान गर्ल्स हॉस्टल निवासी प्रियांशु कुमार (18 वर्ष) के लिखित आवेदन पर यह कार्रवाई की गई है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उसे कबीर अभिषेक ने पीएनटी कॉलोनी बुलाया, जहां उसे कुछ खिला दिया गया, जिसके बाद वह बेहोश हो गया। देर रात करीब 12 बजे होश आने पर उसने पाया कि उसका मोबाइल गायब है। इसके बाद वह आरोपी के घर पहुंचा, लेकिन वहां से उसे भगा दिया गया। घटना से जुड़े एक अन्य पहलू में पीड़ित के दोस्त सौरव ने बताया कि जब उसने प्रियांशु के नंबर पर कॉल किया तो फोन कबीर अभिषेक ने उठाया और उसे कोकर स्थित शौचालय के पास बुलाया, जहां वह मोबाइल बेचने की कोशिश कर रहा था। स्थिति भांपते हुए सौरव वहां से निकल गया। लालपुर थाना में दर्ज इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

