एडवोकेट प्रीमियर लीग 2026: राहुल पांडेय की ‘एवेंजर्स’ बनी पहली चैंपियन, फाइनल में IAL को 12 रन से हराया

–कानूनी दांव-पेंच के उस्तादों ने मैदान में दिखाया क्रिकेट का दम, रोमांचक मुकाबले के साथ APL सीजन-1 का शानदार समापन
राँची।अदालत की बहस से निकलकर क्रिकेट के मैदान में उतरे अधिवक्ताओं ने खेल भावना और जोश का ऐसा प्रदर्शन किया कि पूरा टूर्नामेंट यादगार बन गया। जैप-1 ग्राउंड, डोरंडा में आयोजित एडवोकेट प्रीमियर लीग (APL) सीजन-1, 2026 का समापन रविवार को सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों के साथ भव्य अंदाज में हुआ। फाइनल में एडवोकेट राहुल पांडेय की कप्तानी वाली एवेंजर्स क्रिकेट टीम ने एडवोकेट अमानत खान की IAL (इंडियन एसोसिएशन ऑफ लायर्स) टीम को 12 रन से हराकर पहली बार APL की चमचमाती ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
फाइनल में दिखी कांटे की टक्कर
खिताबी मुकाबले में एवेंजर्स क्रिकेट टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 83 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। कप्तान राहुल पांडेय के नेतृत्व में टीम ने संयमित और प्रभावशाली प्रदर्शन किया।जवाब में IAL की टीम ने लक्ष्य का पीछा करते हुए जोरदार संघर्ष किया और मुकाबले को रोमांचक बना दिया। लेकिन एवेंजर्स के गेंदबाजों ने दबाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए IAL को लक्ष्य तक पहुंचने से रोक दिया। अंततः राहुल पांडेय की टीम ने 12 रन की जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया।
खिलाड़ियों को ट्रॉफी और सम्मान
टूर्नामेंट के समापन समारोह में खेल और विधि जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियां शामिल हुईं। विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर उपस्थित प्रमुख अतिथियों में अजय नाथ शाहदेव,संजय कुमार विद्रोही,डॉ.एहतशाम वकारी,अब्दुल कलाम रसीदी,मृत्युंजय कुमार श्रीवास्तव,नवीन कुमार अन्य शामिल रहे।
खेल के जरिए बढ़ी एकता और भाईचारा
एडवोकेट प्रीमियर लीग का पहला सीजन न केवल प्रतिस्पर्धा बल्कि आपसी सौहार्द, टीम भावना और फिटनेस का भी शानदार उदाहरण बना। पूरे टूर्नामेंट के दौरान अधिवक्ताओं ने यह साबित किया कि वे सिर्फ अदालत में ही नहीं, बल्कि खेल के मैदान में भी जीत का जज्बा रखते हैं।
अदालत के चैंपियन अब क्रिकेट के भी बादशाह
राहुल पांडेय की कप्तानी वाली एवेंजर्स क्रिकेट टीम ने APL के पहले संस्करण का खिताब जीतकर इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा दिया, जबकि पूरे टूर्नामेंट ने राँची के अधिवक्ता समुदाय को खेल के एक नए मंच पर जोड़ने का काम किया।

