रफ़्तार का कहर: अनियंत्रित ट्रक इमली के पेड़ से टकराया, केबिन में फंसे ड्राइवर की दर्दनाक मौत

 

 

देवघर।झारखण्ड के देवघर जिले में गिरिडीह-मधुपुर एनएच 114 ए पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ट्रक ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना जगदीशपुर सब्जी हाट के पास की है, जहां रफ़्तार से आ रहा एक सरिया लदा ट्रक सड़क के बीच स्थित इमली के पेड़ से सीधे जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ड्राइवर केबिन में ही फंस गया, जिससे उसकी जान चली गई।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक (पश्चिम बंगाल के पुरुलिया से पटना जा रहा था। धनबाद की ओर से आने के दौरान अचानक ड्राइवर को झपकी आ गई। पलक झपकते ही गाड़ी से नियंत्रण खो गया और ट्रक सीधे सब्जी हाट के पास सड़क के बीचों-बीच स्थित इमली के विशाल पेड़ में जा घुसा। हादसे के बाद ट्रक का खलासी (उपचालक), जिसे मामूली चोटें आई थीं, मौके से फरार हो गया।

घटना की भयावहता को देखकर स्थानीय लोगों ने तुरंत बुढैई थाना पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मनोरंजन महतो, एसआई सुभाष कश्यप और एएसआई धर्मेन्द्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ट्रक के केबिन की हालत इतनी खराब थी कि शव को बाहर निकालने में पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों को काफी कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

​बुढैई थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की आगे की जांच में जुट गई है। हादसे के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है।​​मृतक श्रीकांत यादव (38 वर्ष), निवासी- पुरुलिया (पश्चिम बंगाल) के रहने वाले थे।

error: Content is protected !!