आंधी-बारिश के कहर ने छीनी जिंदगी, दीवार गिरने से महिला की मौत
कोडरमा। जिले के डोमचांच प्रखंड अंतर्गत नवलशाही थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव में शुक्रवार को तेज आंधी और बारिश के दौरान एक दर्दनाक हादसे में महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान आरती देवी (40 वर्ष), पति राजू मेहता के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार, आंधी और बारिश से बचने के लिए आरती देवी अपने घर के समीप बने मचाननुमा स्थान पर खड़ी थीं। इसी दौरान घर की छत पर बनी ईंट की दीवार का एक हिस्सा अचानक भरभराकर नीचे गिर पड़ा। दीवार की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने बताया कि तेज आंधी और बारिश के कारण यह हादसा हुआ। सूचना मिलने के बाद आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए।फिलहाल घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में मातम का माहौल है।

