लोहरदगा: आनंद विहार-पुरुलिया मेल एक्सप्रेस से बड़ा हादसा, सात भैंसों के कटने से थमा परिचालन,तीन घंटे तक बाधित रहा रेल परिचालन
-मंसुरिया खांड मोड़ के समीप हादसा, सात भैंसों की मौत,पांच भैंसे गंभीर रूप से घायल; ट्रैक पर फंसे पशुओं को हटाने के बाद रवाना हुई ट्रेन
लोहरदगा।झारखण्ड के लोहरदगा जिले के कुड़ू थाना क्षेत्र अंतर्गत टोरी-राँची रेलखंड पर शुक्रवार सुबह बड़ा रेल हादसा टल गया।लेकिन एक दर्दनाक घटना हुई है। आनंद विहार से पुरुलिया जाने वाली साप्ताहिक मेल एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 14022) की चपेट में आने से सात भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के कारण लगभग तीन घंटे तक रेल परिचालन प्रभावित रहा और ट्रेन घटनास्थल पर ही खड़ी रही।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 6:30 बजे मंसुरिया खांड मोड़ के समीप पोल संख्या 509 और 510 के बीच यह हादसा हुआ। बताया जाता है कि एक पशु व्यापारी चंदवा से भैंसों को लेकर लोहरदगा की ओर जा रहा था। इसी दौरान भैंसों का झुंड रेलवे ट्रैक पर पहुंच गया। तभी टोरी से लोहरदगा की ओर जा रही तेज रफ्तार आनंद विहार–पुरुलिया मेल एक्सप्रेस उनकी चपेट में आ गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि सात भैंसों के मौके पर ही चिथड़े उड़ गए, जबकि पांच अन्य पशु दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच भी कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया।
घटना के बाद दो मृत भैंसे ट्रेन और रेलवे ट्रैक के बीच फंस गए, जिससे ट्रेन को वहीं रोकना पड़ा। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद ट्रैक और इंजन के बीच फंसे पशुओं को हटाया गया। इसके बाद सुबह करीब 9:30 बजे ट्रेन को लोहरदगा के लिए रवाना किया गया।
जंगल क्षेत्र में ट्रेन के करीब तीन घंटे तक खड़े रहने से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। रेलवे अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

