राँची के ओरमांझी में कथित चोर पर ग्रामीणों का एक्शन, महिला वेश में घुमाने के बाद पुलिस के हवाले
राँची।जिले के ओरमांझी थाना क्षेत्र के झिरी गांव में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा गुरुवार को उस समय फूट पड़ा, जब कथित रूप से चोरी के जेवरात के साथ एक युवक को रंगेहाथ पकड़ लिया गया। कई दिनों से चोरी की वारदातों से त्रस्त ग्रामीणों ने आरोपी को महिला परिधान पहनाकर पूरे गांव में घुमाया और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, झिरी गांव निवासी 25 वर्षीय श्रवण पाहन पर बुधवार रात स्वर्गीय रवि मुंडा की पत्नी सीता देवी के घर में चोरी करने का आरोप है। गुरुवार सुबह सीता देवी ने बक्से का ताला टूटा हुआ पाया और उसमें रखे चांदी के जेवरात गायब मिले। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण सक्रिय हो गए और संदेह के आधार पर श्रवण की तलाश शुरू कर दी।
ग्रामीणों ने कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को गंगुटोली इलाके से पकड़ लिया। ग्रामीणों का दावा है कि उसके पास से चोरी गए जेवरात भी बरामद हुए। इसके बाद गांव की महिलाओं और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। महिलाओं ने आरोपी को महिला परिधान पहनाया और गांव की गलियों में घुमाकर विरोध जताया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। आरोपी की पिटाई किए जाने की भी सूचना है।
ग्राम प्रधान रामकिशन मुंडा ने बताया कि आरोपी पर पहले भी गांव के कई घरों में चोरी करने के आरोप लगते रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वह जेवरात और नकदी के अलावा महिलाओं तथा बच्चों के कपड़े तक चोरी कर लेता था, जिससे पूरे गांव में दहशत और नाराजगी का माहौल था।
घटना की सूचना मिलते ही ओरमांझी थाना पुलिस गांव पहुंची और आरोपी को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई। पुलिस बरामद जेवरात के संबंध में पूछताछ कर रही है तथा पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कानून को अपने हाथ में न लें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

