बमबाजी,फरारी और एनकाउंटर…राँची पुलिस ने सुलझाया RSS दफ्तर हमला कांड..अब एटीएस करेगी जांच,बम फेंकने वाले आरोपियों का नाम सामने आया…
राँची।झारखण्ड की राजधानी राँची में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यालय पर हुए पेट्रोल बम हमले के मामले में राँची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को धर दबोचा है। वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने गुरुवार रात आठ बजे एक प्रेस वार्ता में इस पूरे मामले का सनसनीखेज खुलासा किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अब इसकी आगे की जांच आतंकवाद निरोधी दस्ता (ATS) को सौंप दी गई है।
प्रेसवार्ता में जानकारी देते एसएसपी सहित अन्य पुलिस अधिकारी
इस पूरे घटनाक्रम में तब हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला जब गिरफ्तार मुख्य आरोपी पुलिस कस्टडी से वेंटिलेशन तोड़कर भाग निकला और दोबारा पकड़े जाने पर पुलिस का हथियार छीनकर फायरिंग करने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस की आत्मरक्षार्थ फायरिंग में वह घायल हो गया।
घटना से पूर्व पेट्रोल बम बनाया,आरोपी सैफ
क्या थी घटना?
बीती 16 जून की रात चुटिया थाना क्षेत्र के निवारणपुर स्थित आरएसएस के झारखण्ड प्रदेश कार्यालय पर अज्ञात अपराधियों द्वारा पेट्रोल बम फेंका गया था। इस घटना के बाद चुटिया थाने में विभिन्न गंभीर धाराओं, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और UAPA एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी एसपी और ग्रामीण एसपी के संयुक्त नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान टीम (SIT) का गठन किया गया था।
भागने के दौरान ट्रेन से पकड़ा गया अमन अंसारी और सैफ अंसारी
CCTV फुटेज से दबोचे गए आरोपी, अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की आशंका
एसआईटी ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सहयोग से आरोपियों की पहचान की। घटना को अंजाम देकर दूसरे राज्य भागने की फिराक में लगे आरोपियों को पुलिस ने घेराबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
–सैफ अंसारी (उर्फ सैफ अली) लोहरदगा (मुख्य आरोपी)
–अमन अंसारी उर्फ गोलू – लोहरदगा
–सायम सुजान (21 वर्ष) – लोहरदगा (राँची से गिरफ्तार)

पुलिस की गोली से घायल सैफ
पुलिस को शुरुआती पूछताछ में पुलिस को इन अपराधियों के किसी अंतरराष्ट्रीय गिरोह से जुड़े होने की आशंका है, जिसके बाद एसएसपी के अनुरोध पर इस केस का अनुसंधान एटीएस झारखण्ड को ट्रांसफर कर दिया गया है।
कोतवाली थाना के शौचालय की टूटा खिड़की
थाने के टॉयलेट से भागा आरोपी, फिल्मी अंदाज में एनकाउंटर
आज गुरुवार सुबह करीब 11:30 बजे मुख्य आरोपी सैफ अली ने कोतवाली थाना परिसर में शौचालय जाने की बात कही। वहां तैनात पहरेदार को चकमा देकर वह शौचालय की वेंटिलेशन का ग्रिल और शीशा तोड़कर फरार हो गया।भागने की खबर मिलते ही पूरे जिले में अलर्ट जारी कर वाहन चेकिंग शुरू की गई। मांडर थाना पुलिस ने चामू मोड़ के पास उसे घेराबंदी कर दोबारा पकड़ा। लेकिन, जैसे ही पुलिस उसे निकटवर्ती थाने ले जाने लगी, सैफ ने पुलिसकर्मी का हथियार छीनकर दोबारा भागने का प्रयास किया। पुलिस ने सीमित और आत्मरक्षार्थ कार्रवाई करते हुए गोली चलाई, जो सैफ के पैर में लगी। घायल अपराधी को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
एनकाउंटर स्थल
पुलिस ने आरोपी के पास से घटना के समय आरोपियों द्वारा पहने गए कपड़े (जो लोअरबाजार थाना क्षेत्र के नाले के पास से बरामद किए गए),घटना में इस्तेमाल की गई रैपिडो कैब (सेंट्रो कार),04 स्मार्टफोन बरामद किया है।

