मोमोज के बहाने जाल, आपत्तिजनक वीडियो बनाकर किया वायरल; अब पुलिस की गिरफ्त में रेहान…

 

गयाजी।बिहार के गयाजी के बांकेबाजार थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़कियों को झांसे में लेकर उनके साथ अश्लील वीडियो बनाने और सोशल मीडिया पर वायरल करने के चर्चित मामले में मुख्य आरोपी रेहान को गया पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। लगातार पुलिस दबाव के बीच आरोपी ने गुरुवार को पटना के फुलवारीशरीफ थाने में आत्मसमर्पण किया, जिसके बाद गया पुलिस उसे अपनी हिरासत में लेकर गया पहुंची। फिलहाल उससे गहन पूछताछ की जा रही है।पुलिस के अनुसार, आरोपी का मोबाइल फोन अभी तक बरामद नहीं हो सका है। माना जा रहा है कि इसी मोबाइल में मामले से जुड़े अहम साक्ष्य मौजूद हो सकते हैं। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

दिल्ली से पटना तक चला पुलिस का दबाव

सूत्रों के मुताबिक, बांकेबाजार थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि रेहान दिल्ली के जैतपुर इलाके में छिपा हुआ है। पुलिस टीम के वहां पहुंचने की भनक लगते ही वह अपनी भाभी के साथ दिल्ली से पटना पहुंच गया। इस बीच पुलिस ने दिल्ली में उसके भाई को हिरासत में ले लिया। भाई पर कार्रवाई के दबाव के बाद रेहान ने फुलवारीशरीफ थाने में सरेंडर कर दिया।

आईजी ने गिरफ्तारी की पुष्टि की

मगध रेंज के आईजी विकास वैभव ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि रेहान से पूछताछ की जा रही है और मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है।

मोबाइल की तलाश में जुटी पुलिस

जांच अधिकारियों का कहना है कि आरोपी का मोबाइल फोन अभी पुलिस के हाथ नहीं लगा है। आशंका है कि वायरल वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्य उसी डिवाइस में मौजूद हैं। मोबाइल बरामदगी को लेकर पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

बाजार बंद, लोगों में भारी आक्रोश

रेहान की गिरफ्तारी के बावजूद बांकेबाजार में लोगों का गुस्सा कम नहीं हुआ है। गुरुवार को मुख्य बाजार की अधिकांश दुकानें बंद रहीं और व्यापारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि आरोपी ने कई युवतियों को लालच देकर अपने जाल में फंसाया, उनके साथ दुर्व्यवहार किया और आपत्तिजनक वीडियो बनाकर वायरल किए।व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि मामले में कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। साथ ही उन्होंने आरोपी के घर पर बुलडोजर कार्रवाई की भी मांग की है।

error: Content is protected !!