राँची में बार-पब पर पुलिस का बड़ा एक्शन:कई बारों में एक साथ छापेमारी, लाइसेंस से लेकर नाबालिगों को शराब परोसने तक की हुई जांच

राँची।राजधानी राँची में बार और पब के खिलाफ गुरुवार देर रात पुलिस ने अब तक के बड़े समन्वित अभियानों में से एक को अंजाम दिया। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर शहर के विभिन्न इलाकों में एक साथ करीब ढेड़ दर्जन बारों एवं पब में छापेमारी की गई। इस दौरान लाइसेंस की वैधता,निर्धारित समय तक संचालन, नाबालिगों को शराब परोसने, हुक्का सर्विस, सीसीटीवी व्यवस्था, सुरक्षा मानकों और अन्य कानूनी प्रावधानों की गहन जांच की गई।

कार्रवाई के दौरान कई प्रतिष्ठानों में दस्तावेजों और संचालन से जुड़ी अनियमितताएं सामने आईं। कुछ बारों में पुलिस टीम के पहुंचते ही अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कई लोग बाहर निकलकर जाने लगे। पुलिस ने सभी स्थानों पर रिकॉर्ड और दस्तावेजों की बारीकी से जांच की तथा नियमों के उल्लंघन से जुड़े मामलों का सत्यापन किया।

कई वरीय अधिकारियों के नेतृत्व में चला अभियान

इस विशेष अभियान में सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी, ट्रैफिक एसपी, एसडीएम, कई डीएसपी तथा संबंधित थाना प्रभारियों की संयुक्त टीम शामिल रही। अलग-अलग टीमों को शहर के विभिन्न इलाकों में भेजा गया, ताकि एक साथ कई बारों की जांच की जा सके और किसी भी तरह की लापरवाही या अवैध गतिविधि पर प्रभावी कार्रवाई हो सके।

सूत्रों के अनुसार पुलिस ने इस अभियान में मुख्य रूप से उन बी-ग्रेड बारों को चिन्हित किया था, जहां पहले भी नियमों के उल्लंघन, देर रात तक संचालन, असामाजिक तत्वों की आवाजाही या अन्य शिकायतें मिलती रही हैं। पुलिस का मानना है कि ऐसे स्थानों पर समय-समय पर जांच जरूरी है, ताकि किसी भी संभावित आपराधिक घटना को रोका जा सके।

जांच के दायरे में रहे ये प्रमुख बिंदु

छापेमारी के दौरान पुलिस ने कई महत्वपूर्ण पहलुओं की जांच की, जिनमें शामिल हैं—

बार एवं उत्पाद विभाग का वैध लाइसेंस।

निर्धारित समय सीमा के भीतर संचालन।

21 वर्ष से कम उम्र के लोगों को शराब परोसे जाने की जांच।

हुक्का परोसने की वैध अनुमति।

सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता और रिकॉर्डिंग।

सुरक्षा गार्ड एवं प्रवेश रजिस्टर की व्यवस्था।

कर्मचारियों के आवश्यक दस्तावेज एवं पहचान।

शराब की बिक्री और स्टॉक का रिकॉर्ड।

नाबालिगों को शराब परोसने की शिकायतें मिलीं

जांच के दौरान कुछ बारों में नाबालिगों को शराब परोसने संबंधी शिकायतों की पुष्टि के लिए दस्तावेजों की जांच की गई। यदि जांच में ऐसे मामलों की पुष्टि होती है तो संबंधित बार संचालकों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम एवं अन्य लागू कानूनों के तहत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने इसे गंभीर कानूनी उल्लंघन माना है।

कई प्रतिष्ठानों में लाइसेंस संबंधी दस्तावेज अधूरे पाए गए, जबकि कुछ स्थानों पर संचालन से जुड़े नियमों के पालन में भी कमी मिली। पुलिस ने संबंधित संचालकों को नोटिस देने और नियमानुसार कार्रवाई शुरू करने की प्रक्रिया आरंभ कर दी है।

जमशेदपुर की घटना के बाद बढ़ी सख्ती

हाल के दिनों में जमशेदपुर के एक बार में हुए विवाद के बाद हुई हत्या की घटना ने पुलिस प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। इसी के मद्देनजर रांची पुलिस ने राजधानी के बारों और पबों में सुरक्षा व्यवस्था और नियमों के पालन की व्यापक समीक्षा शुरू की है। पुलिस का मानना है कि नियमित जांच से अपराध की संभावनाओं पर समय रहते रोक लगाई जा सकती है।

एसएसपी बोले—यह सिर्फ शुरुआत है

एसएसपी राकेश रंजन ने स्पष्ट किया कि यह महज एक दिन की कार्रवाई नहीं है। आगे भी नियमित रूप से बार, पब और अन्य ऐसे प्रतिष्ठानों की जांच जारी रहेगी।उन्होंने कहा कि किसी भी बार में यदि हुक्का परोसने, निर्धारित समय से अधिक संचालन, नाबालिगों को शराब उपलब्ध कराने, अवैध गतिविधियों या लाइसेंस की शर्तों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित संचालकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने कहा कि राँची पुलिस का उद्देश्य किसी वैध व्यवसाय को परेशान करना नहीं, बल्कि कानून का पालन सुनिश्चित करना और शहर में सुरक्षित वातावरण बनाए रखना है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार जांच रिपोर्ट तैयार होने के बाद जिन प्रतिष्ठानों में अनियमितताएं मिली हैं, उनके खिलाफ उत्पाद विभाग और जिला प्रशासन के साथ समन्वय कर कार्रवाई की जाएगी। गंभीर मामलों में लाइसेंस निलंबन या रद्द करने की अनुशंसा भी की जा सकती है। साथ ही संबंधित संचालकों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की भी कार्रवाई संभव है।

राजधानी में इस व्यापक छापेमारी के बाद बार एवं पब संचालकों में हड़कंप है। पुलिस ने साफ संकेत दिया है कि नियमों से समझौता करने वालों के खिलाफ आने वाले दिनों में भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।

error: Content is protected !!