RSS कार्यालय पर पेट्रोल बम हमला मामला: NIA ने 2 आरोपियों को 7 दिन की रिमांड पर लिया, साजिश की गहराई से जांच शुरू

 

राँची।राजधानी राँची में हुए उस सनसनीखेज मामले ने जांच एजेंसियों की नींद उड़ा दी है, जिसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांतीय कार्यालय को निशाना बनाकर पेट्रोल बम से हमला किया गया था। इस गंभीर हमले की जांच अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी के हाथों में है, जिसने मामले की तह तक पहुंचने के लिए अपनी कार्रवाई और तेज कर दी है। NIA ने इस केस में गिरफ्तार दो मुख्य आरोपियों  अमन अंसारी उर्फ गोलू और सायम सुजान को विशेष अदालत की अनुमति के बाद 2 जुलाई से 9 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर लिया है। इन दोनों से अब गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि हमले की पूरी साजिश और नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।जांच एजेंसी को शुरुआती जांच और स्थानीय पुलिस व झारखण्ड ATS से मिले इनपुट में कुछ ऐसे अहम सुराग मिले हैं, जिन्हें बेहद गंभीर माना जा रहा है।

इस मामले का तीसरा आरोपी सैफ अंसारी अभी रिमांड में नहीं लिया गया है। बताया जा रहा है कि पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश के दौरान हुए एनकाउंटर में उसके पैर में गोली लगी थी, जिसके बाद वह फिलहाल अस्पताल में इलाजरत है।

इस हमले की गंभीरता और संभावित आतंकी एंगल को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देश पर केस दर्ज किया गया है। इसके बाद राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने रांची थाने में UAPA के तहत FIR दर्ज कर जांच अपने हाथ में ली है।FIR संख्या RC-01/2026/NIA/RNC के तहत जांच अब इस दिशा में आगे बढ़ रही है कि क्या यह हमला सिर्फ एक स्थानीय वारदात थी या इसके पीछे कोई संगठित और बड़ा नेटवर्क सक्रिय है।जांच एजेंसियां अब इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि इस घटना का कोई अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन तो नहीं है।

error: Content is protected !!