हाजत से भागा पेट्रोल बम कांड का एक आरोपी, पुलिस ने किया हॉफ एनकाउंटर… राँची से भागकर चान्हो पहुँच गया था…

राँची।राजधानी राँची में आरएसएस कार्यालय पर पेट्रोल बम हमले के मामले में गिरफ्तार आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, चुटिया थाना क्षेत्र के निवारणपुर स्थित आरएसएस कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने के आरोप में गिरफ्तार एक आरोपी मो.सैफ को कोतवाली थाना की हाजत में रखा गया था। गुरुवार सुबह करीब साढ़े दस बजे वह शौचालय के रास्ते पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।आरोपी के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस टीमों ने तत्काल उसकी तलाश शुरू की और पीछा करते हुए चान्हो-मांडर क्षेत्र तक पहुंच गईं।

पुलिस के मुताबिक, पकड़ने की कोशिश के दौरान आरोपी सैफ ने एक पुलिसकर्मी का हथियार छीन लिया और फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।फिलहाल पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान का इंतजार है।

error: Content is protected !!